
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शांति नगर में सोमवार देर रात चोरी की एक अजीबोगरीब घटना सामने आई। एक चोर ठेला लेकर कंप्यूटर दुकान पहुंचा और ताला तोड़कर उसमें रखा सामान समेटने लगा। उसने चोरी का सामान ठेले पर रखा ही था कि दुकान संचालक की नींद खुल गई।
संचालक को सामने देखकर चोर ने उसे चाकू दिखाकर धमकाया और ठेला छोड़कर भाग निकला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गोहलपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शांति नगर गली नंबर छह निवासी अभिषेक गुप्ता घर में ही कंप्यूटर की दुकान संचालित करते हैं। सोमवार रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर वह सोने चले गए।
इसी दौरान सामान निकालने की आहट से अभिषेक की नींद खुल गई। वह बाहर पहुंचे तो दुकान के सामने ठेले पर सामान लाद रहा युवक दिखाई दिया। अभिषेक को सामने देखकर चोर ने चाकू निकाल लिया।
धमकाते हुए वह मौके से भाग निकला। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। गोहलपुर पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान और उसकी तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में दीपावली के दूसरे दिन फाॅर्म हाउस में शराब पार्टी, हवाई फायर का वीडियो वायरल