
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। फाइनेंस कराकर ट्रक की पूरी कीमत चुकाने का भरोसा देकर वाहन अपने कब्जे में लिया और फिर कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए उसे अपने भाई के नाम ट्रांसफर करा लिया।
वाहन मालिक उत्कर्ष उपाध्याय ने मनीष गिरी गोस्वामी सहित चार लोगों के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र और धोखाधड़ी की शिकायत की है।
शिकायत के अनुसार, मनीष गिरी गोस्वामी ने ट्रक खरीदने का अनुबंध कर अग्रिम राशि दी थी। उसने दो महीने में फाइनेंस कराकर पूरी रकम चुकाने का भरोसा दिलाया और ट्रक अपने कब्जे में ले लिया।
तय समय बीतने के बाद भी न भुगतान किया और न ही वाहन लौटाया। शिकायत के बाद थाने में दो महीने की मोहलत मांगी गई। इसके बाद 13 जुलाई 2026 को मनीष के भाई राहुल गिरी गोस्वामी के नाम से नया अनुबंध किया गया।
आरोप है कि इसके बाद मनीष एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी धर्मेंद्र सिंह ठाकुर को लेकर आया। कर्मचारी ने ट्रक के मूल पंजीयन, परमिट और बैंक संबंधी दस्तावेज ले लिए। वहीं, आरटीओ का काम कराने वाले ब्रोकर पवन साहू ने आनलाइन नामांतरण के लिए ओटीपी देने और वाहन मालिक की आरटीओ में व्यक्तिगत उपस्थिति जरूरी बताई थी।
उत्कर्ष का आरोप है कि विश्वास में लेकर मूल दस्तावेज हासिल करने के बाद चारों ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। इसके बाद किसी अन्य व्यक्ति को उत्कर्ष बताकर उज्जैन आरटीओ में ट्रक राहुल के नाम ट्रांसफर करा लिया। वाहन की कीमत के 10 लाख रुपये अब तक नहीं मिले हैं। वाहन मालिक ने चारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में स्कूलों की मान्यता के लिए 11 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन, गलत जानकारी पर मान्यता होगी निरस्त