
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। चरगवां थाना क्षेत्र की वंशिका कालोनी में निर्माणाधीन मकान के बाहर खड़ी दो वैन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते दोनों वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए।
गैस किट में लगातार हो रहे धमाकों से इलाके में दहशत फैल गई और रहवासी घरों से बाहर निकल आए। हालंकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
कालोनी में ज्ञानी विश्वकर्मा का निर्माणाधीन मकान बाहर से बंद था। उसके बाहर स्वजन की वैन खड़ी थी। मौके से देसी शराब की खाली बोतलें मिली हैं।
आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने वहां शराब पी थी। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, पेट्रोल वाहन की टंकी खोलकर देखने के दौरान बीड़ी की चिंगारी से आग भड़क गई होगी।
आग की चपेट में आई दूसरी वैन पेट्रोल और गैस किट से संचालित थी। इसके कारण लगातार धमाके होते रहे। आग से दोनों वैन पूरी तरह जल गईं, वहीं निर्माणाधीन मकान और पास खड़ी बाइक को भी नुकसान पहुंचा। शहपुरा नगर परिषद की दमकल टीम ने आग पर काबू पाया।