
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर-भोपाल मार्ग पर शहपुरा में लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण में देरी के बीच नहर किनारे नौ किलोमीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग बनाने की योजना तैयार की गई है।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने शहपुरा, पाटन और सहजपुर मार्ग का निरीक्षण कर अधिकारियों को 40 से 50 दिनों में मार्ग तैयार करने का लक्ष्य दिया। इससे मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होने के साथ मटर उत्पादक किसानों को भी राहत मिलेगी।
प्रस्तावित मार्ग रिंग रोड के समीप एनएच-45 पर ग्राम खेरी के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज से नहर किनारे होते हुए जबलपुर-पाटन मार्ग के घुंसौर तक बनाया जाएगा। इसकी चौड़ाई लगभग 7.5 मीटर प्रस्तावित है। मंत्री राकेश सिंह ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर उपलब्ध भूमि, मार्ग की भौगोलिक स्थिति और निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
शहपुरा और पाटन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मटर का उत्पादन होता है। सीजन के दौरान किसानों को अपनी उपज मंडियों और व्यापारिक केंद्रों तक पहुंचाने के लिए बड़ी संख्या में वाहनों से आवाजाही करनी पड़ती है। शहपुरा में जाम लगने से किसानों को उपज पहुंचाने में देरी होती है।
वैकल्पिक मार्ग बनने से कृषि उपज के परिवहन में लगने वाला समय घटने और किसानों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। जबलपुर-भोपाल मार्ग से गुजरने वाले अन्य वाहनों को भी आवागमन का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण एमपीआरडीसी के माध्यम से कराया जा रहा है। निविदा प्रक्रिया में आई अड़चन के कारण निर्माण कार्य में देरी हो रही है। हाल ही में सबसे कम बोली लगाने वाले निविदाकार के साथ आगे की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी, जिसके चलते नए सिरे से टेंडर जारी करने की स्थिति बनी है।
मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि नई निविदा प्रक्रिया के बाद आरओबी निर्माण की समयसीमा स्पष्ट होगी। तब तक यातायात की समस्या से राहत दिलाने के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि, तकनीकी स्वीकृति और निर्माण संबंधी बाधाओं का जल्द निराकरण किया जाए।
निर्माण की गुणवत्ता से समझौता किए बिना 40 से 50 दिनों में मार्ग तैयार करने का प्रयास किया जाए। निरीक्षण के दौरान विधायक नीरज सिंह, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, एमपीआरडीसी के महाप्रबंधक विक्रम सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर से मंडला जाना हुआ महंगा, अमतौला में खुला नया टोल प्लाजा; देखें रेट लिस्ट