
नईदुनिया प्रतिनिधि,जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के परसवाड़ा में सोमवार रात एक व्यक्ति ने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के समय उसकी पत्नी तीज के पूजन के लिए सहेली के घर गई थी। देर रात जब वह वापस लौटी तो पति को फंदे पर लटका देख उसके होश उड़ गए।
आसपास के लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार परसवाड़ा निवासी कमलेश झारिया (40) हार्डवेयर की दुकान में काम करते थे। वह पत्नी वर्षा और दो बेटों के साथ रहते थे। सोमवार को वर्षा तीज का उपवास रखी थी। रात करीब साढ़े आठ बजे वह पूजन के लिए अपनी सहेली सुलोचना के घर गई थी।
इस दौरान कमलेश घर पहुंचा और फंदे पर लटक गया। देर रात पूजन के बाद वर्षा घर लौटी तो उसने पति को फंदे पर लटका देखा। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों की मदद से कमलेश को फंदे से नीचे उतारा गया और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की जांच जारी है।