
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मेडिकल अस्पताल के पास बुधवार शाम रंजिश के चलते चार युवकों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया।
आरोपियों को देखकर युवक जान बचाने के लिए दोस्त की कार में छिप गया, लेकिन हमलावरों ने पहले कार के कांच डंडे से तोड़े और फिर उसे बाहर खींचकर बेसबाल स्टिक से सिर पर हमला कर दिया।
संजीवनीनगर निवासी करण विश्वकर्मा को उसका दोस्त बल्लू घर से बुलाकर ले गया था। शाम करीब छह बजे मेडिकल के पास बल्लू अपनी कार में रेडियम का काम करवा रहा था।
इसी दौरान करण फुल्की खाने सड़क पार गया, जहां उसे छोटू राजपूत, तनिष्क रजक, सिकंदर और टोनी गोस्वामी दिखाई दिए। चारों को देखकर वह दौड़कर बल्लू की कार में छिप गया। उनके बीच पुरानी रंजिश थी।
आरोप है कि चारों ने कार के कांच तोड़ दिए और करण से पार्टी के लिए दो हजार रुपये मांगे। इनकार करने पर उसे बाहर खींचकर पीटा। सिकंदर ने बेसबाल स्टिक से उसके सिर पर वार कर दिया।
इसके बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। गंभीर रूप से घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- सरकारी जवाब में एआई से गढ़ा न्यायिक फैसला, सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का हवाला देने पर हाई कोर्ट नाराज