
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मेडिकल काॅलेज के सुपर स्पेशलिटी हाॅस्पिटल न्यूरो सर्जरी विभाग में 11 माह की बच्ची के सिर में खेलते समय घुसी राॅड को अलग करने का सफल ऑपरेशन किया गया।
बहोरीबंद जिला कटनी निवासी 11 माह की बच्ची को खेलते समय अचानक सोफे से नीचे गिर गई, जिससे सिर में राॅड घुस गई। आपात स्थिति में स्वजन उसे सुपर स्पेशलिटी हाॅस्पिटल के न्यूरो सर्जरी विभाग में लेकर आए।
न्यूरोसर्जन बोले-आंखों की रोशनी जाने के साथ-साथ इन्फेक्शन एवं मृत्यु तक का खतरा बन गया था। सफलतापूर्वक ऑपरेशन करते हुए राॅड को सिर से अलग किया गया। बच्ची अब स्वस्थ है।
हाॅस्पिटल के न्यूरोसर्जन डाॅक्टर जितिन बजाज ने बताया कि बच्ची के सिर में राॅड खोपड़ी की हड्डी को तोड़ते हुए दिमाग में घुस गई थी, जिससे खून का थक्का बन गया था।
ऑपरेशन में मेडिकल काॅलेज के डीन डाॅ. नवनीत सक्सेना, सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल की संचालक डाॅ. अपर्णा तामस्कर, न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डाॅ. विजय परिहार का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
यह भी पढ़ें- छठ पूजा पर जबलपुर में प्लेटफाॅर्म एक पर होल्डिंग एरिया तैयार, सीसीटीवी और डाॅग स्क्वाॅयड की रहेगी नजर