
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कांग्रेस की राजनीति के विरोध में भाजपा की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा जबलपुर में निकाली गई।
गोलबाजार से शुरू हुई करीब तीन किलोमीटर लंबी पदयात्रा में मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
करीब एक घंटे चली पदयात्रा में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर नेताओं का स्वागत किया गया। समापन पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जबलपुर की जनता के समर्थन से कांग्रेस की चूलें हिल गई हैं। वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पूरी तरह साफ हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस आज संविधान बचाने की बात करती है, लेकिन उसका अपना राजनीतिक इतिहास लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े करता है। नेताजी सुभाषचंद्र बोस के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के समय भी पार्टी में चुनाव को लेकर विवाद हुए थे।
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने और देश की आर्थिक छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी के 'रिजीम चेंज' संबंधी बयान पर कहा कि वर्ष 2024 में जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जनादेश दिया है।
कांग्रेस को चुनाव के समय घोषणा पत्र लेकर जनता के बीच जाना चाहिए। सड़कों पर मार्च करने से सत्ता परिवर्तन नहीं होता।मेघवाल ने चुनाव आयोग, राष्ट्रपति भवन और सुप्रीम कोर्ट से जुड़े हालिया घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए विपक्ष के रवैये पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि अदालत में याचिका दाखिल करने का रास्ता खुला है, लेकिन कूच और धमकी की भाषा उचित नहीं है। भारतीय अर्थव्यवस्था को 'डेड इकोनॉमी' बताए जाने पर उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था 7.8 प्रतिशत की विकास दर से आगे बढ़ रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी क्यों चाहते हैं कि विदेशी नागरिकों और मृत व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में बने रहें तथा एक ही व्यक्ति का नाम कई जगह दर्ज हो। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी नाकामी छिपाने के लिए कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है।
गोलबाजार से शुरू हुई पदयात्रा मालवीय चौक, लार्डगंज, फुहारा, अंधेरदेव, तुलाराम चौक और करमचंद चौक से होकर गुजरी। बाजारों और घरों की छतों से लोगों ने पुष्पवर्षा कर नेताओं का स्वागत किया। समापन पर मुख्यमंत्री सहित भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में नींद में दबोचा, मुंह पर कपड़ा रखकर किया बेहोश, सोने की चेन और फोन ले गए पड़ोसी