
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सिविल लाइंस क्षेत्र में घर में घुसकर युवक को बेहोश कर सोने की चेन और फोन लूटने की सनसनीखेज वारदात हुई। घटना बर्न कंपनी बिल्डिंग क्वाॅर्टर की है।
क्वाॅर्टर में रहने वाले अंशुल सिंह (26) इवेंट शो से जुड़े काम करता है। वह रात उसकी मां शीला बाई नाइट ड्यूटी पर गई थीं। वह घर में अकेला सो रहा था।
अंशुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुबह करीब 5:30 बजे खुशबू चौधरी अपने साथियों के साथ पहुंची। आरोपियों ने दरवाजा तोड़कर उसके शयनकक्ष में प्रवेश किया।
खुशबू ने कपड़े से उसका मुंह दबाया, जिससे वह बेहोश हो गया। मां ने ड्यूटी से लौटने पर चेहरे पर पानी डाला, जिसके बाद उसे होश आया।
अंशुल ने घटना के बारे में मां को बताया। तब जांच में उसके गले से करीब 8 ग्राम की सोने की चेन और बिस्तर पर रखा फोन गायब मिला। पुलिस ने आरोपी खुशबू चौधरी और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। फरार आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
गोरखपुर थाना क्षेत्र में घर की आलमारी के लाकर से सोने के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। गुप्तेश्वर निवासी अविनाश रावत ने पुलिस को बताया कि वह साफ्टवेयर डेवलपमेंट का काम करता है। उसकी पत्नी नागपुर के केंद्रीय विद्यालय में शिक्षिका हैं।
छह अक्टूबर को परिवार में गमी होने के बाद 18 अक्टूबर को तेरहवीं में स्वजन घर आए थे। उनकी मां ने करीब दो माह पहले आलमारी के लाकर में सोने के जेवर रखे थे।
एक नवंबर को लाकर चेक करने पर दो सोने की चेन, दो मंगलसूत्र और एक अंगूठी गायब मिली। चांदी के जेवर सुरक्षित थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अज्ञात चोर के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें- MP के सिंगल युवाओं में बढ़ रहा Solo Date का ट्रेंड, अब अकेले घूमना-खाना नहीं रहा अजीब