
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर की सड़कों पर बढ़ते ई-रिक्शा और ई-ऑटो के दबाव को नियंत्रित करने के लिए अब इनके संचालन की व्यवस्था बदलने की तैयारी है। शहर में करीब 11 हजार ई-रिक्शा और 13 हजार ई-आटो बिना रूट, नियम के दौड़ रहे हैं।
इनकी तेजी से बढ़ती संख्या और इनके बिगड़ते यातायात को सुधाने की कवायद शुरू हो गई है। इसकी पहला जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक से हुई। गुरुवार को कलेक्ट्रेट में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शहर के बिगड़ते यातायात को सुधारने पर मंथन हुआ।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि समिति की बैठकों में लिए गए निर्णय केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका धरातल पर क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में बरेला, सिवनी रोड और कटनी रोड सहित विभिन्न मार्गों के करीब 17 ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किए जाने की जानकारी दी गई। इन स्थानों पर दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए एमपीआरडीसी और एनएचएआई के अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा ने कहा कि इन ई रिक्सा के सीरियल नंबर, कलर कोडिंग, अलग-अलग श्रेणियों में विभाजन और सम-विषम नंबर के आधार पर इनका संचालन होगा। इतना ही नहीं इनके रंग से ही यात्रियों को इनके रूट, पहचान हो जाएगा।
कलेक्टर ने सड़क किनारे पर्याप्त सोल्डर बनाने और भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए सड़क सुधार पर जोर दिया। इधर शहपुरा रेलवे फाटकों और कृषि उपज मंडी क्षेत्र में यातायात के दबाव को कम करने के लिए वैकल्पिक मार्ग विकसित बनाने की बात भी रखी गई। कलेक्टर ने मंडी के आसपास बायपास मार्ग से यातायात सुगम बनाने की संभावनाओं का परीक्षण करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने बेलखेड़ा कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से पैदा हो रहे यातायात संबंधी खतरे की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रतिष्ठानों का नियमानुसार सीमांकन कर नोटिस जारी करने और जरूरत पड़ने पर पुलिस बल की मदद से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए कार्रवाई प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई। प्रमुख चौराहों और अधिक उल्लंघन वाले स्थानों पर कैमरे लगाने तथा सिग्नल जंप करने वाले वाहन चालकों के चालान की व्यवस्था मजबूत करने कहा गया।
कलेक्टर ने शहर के प्रमुख मार्गों पर लेफ्ट टर्न में आने वाली बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए। जहां अतिक्रमण या अन्य अवरोधों के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है, ऐसे स्थानों को चिह्नित कर हटाने की कार्ययोजना बनाई जाएगी। नगर निगम आयुक्त और संबंधित अधिकारियों को यातायात से जुड़े सभी प्रमुख विषयों पर अलग से बैठक कर बजट सहित विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के लिए कहा गया है।
आगामी बैठक में प्रस्तावों और उनके क्रियान्वयन की स्थिति प्रस्तुत करनी होगी। बैठक में नगर निगम आयुक्त अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर रविशंकर राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी एवं अखिलेश तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में धान कटवाकर लौट रहे भाइयों की बाइक को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, छोटे की मौत