
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सिहोरा-मझौली मार्ग पर ग्राम दर्शनी के पास बुधवार रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक चला रहे छोटे भाई की मौत हो गई और बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर आरोपित चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मनसकरा वार्ड क्रमांक-एक निवासी जेश गोंटिया (21) अपने बड़े भाई जितेश उर्फ गोलू गोंटिया (31) के साथ बुधवार को ग्राम उमरधा (करौंदी) में धान कटवाने गए थे।
रात करीब नौ बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। दर्शनी गांव के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि जेश और जितेश घायल हो गए।
उन्हें तुरंत सिहोरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टरों ने जेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल जितेश को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल काॅलेज रेफर किया गया। गुरुवार को पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- 156 वर्ष का हुआ हमारा जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन, देखे वक्त के कई पड़ाव; अब आठ प्लेटफाॅर्म की तैयारी