
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में करीब दस साल बाद ऐसा अवसर आया है, जब प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं दिसंबर के निर्धारित शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार आयोजित होने जा रही हैं।
विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 की स्नातकोत्तर और एलएलएम प्रथम सेमेस्टर परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षाएं 2 दिसंबर से शुरू होंगी। अधिकांश विषयों के पेपर 2, 4, 8 और 10 दिसंबर को आयोजित किए जाएंगे। परीक्षा का समय दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार एमए अंग्रेजी, हिंदी, मनोविज्ञान, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, इतिहास, अर्थशास्त्र, भूगोल, उर्दू और शिक्षा सहित विभिन्न विषयों की प्रथम सेमेस्टर परीक्षाएं दिसंबर में होंगी।
एमकॉम, एमएससी के विभिन्न विषयों और एमएसडब्ल्यू प्रथम सेमेस्टर का कार्यक्रम भी जारी किया गया है। एलएलएम प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं भी 2 दिसंबर से शुरू होंगी। इनके पेपर 2, 4 और 8 दिसंबर को निर्धारित किए गए हैं।
कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने कहा कि पिछले दस साल में यह पहली बार है, जब परीक्षा कार्यक्रम दिसंबर के तय कैलेंडर के अनुसार हो रहा है। इसमें उत्तर पुस्तिकाओं की उपलब्धता, परीक्षा केंद्रों का निर्धारण, प्रश्नपत्र तैयार करने और अन्य व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूरा करना शामिल है।
परीक्षा कार्यक्रम नियमित, भूतपूर्व और एटीकेटी परीक्षार्थियों के लिए जारी किया गया है। स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत आने वाले विद्यार्थियों को भी इसमें शामिल किया गया है। विश्वविद्यालय ने परीक्षा संबंधी तैयारियां तेज कर दी हैं, ताकि घोषित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं संपन्न कराई जा सकें।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के भेड़ाघाट में तेज रफ्तार ट्रक 3 लोगों को कुचलते हुए ढाबे में घुसा, एक गंभीर