
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जिस कंपनी में नौकरी कर रहे थे, उसी के संसाधनों और तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल कर कर्मचारी दूसरी कंपनियों के लिए व्यापार कर रहे थे।
सोलर संयंत्र लगाने के इस खेल में करीब 15 दूसरी कंपनियों से साठगांठ कर 70 से 75 आर्डर का काम किया गया। कंपनी प्रबंधन की जांच में फर्जी एनओसी, डिजिटल हस्ताक्षर और आर्थिक लेनदेन के सबूत मिलने के बाद लार्डगंज पुलिस ने तीन कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
राइट टाउन निवासी अभिषेक बाधवा ट्योरिन सोलर प्राइवेट लिमिटेड के संचालक हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि दो अप्रैल को सिन्हा इंडस्ट्रीज के प्रोपराइटर अनुराग सिन्हा ने जानकारी दी कि कंपनी के कर्मचारी सुमित सेन और सुभाष विश्वकर्मा ने दूसरी कंपनी से कम कीमत पर सोलर संयंत्र लगवाने का प्रस्ताव दिया था। इसके लिए कंपनी के नाम से फर्जी एनओसी भी दी गई थी।
अभिषेक ने कंपनी के सीसीटीवी कैमरे और कर्मचारियों की गतिविधियां जांचीं। छह अप्रैल को सुमित सेन (लायजिंग), सुभाष विश्वकर्मा (डिजाइन) और मोहम्मद फजल तबिश (जीएम) को दूसरी कंपनियों का काम करते पकड़ा गया।
उनके कंप्यूटर और दस्तावेजों की जांच में कंपनी के डायरेक्टर की फोटो, फोटोशाप से तैयार हस्ताक्षर, कंपनी की सील और ऑडिट रिपोर्ट की प्रतियां मिलीं।
जांच में दूसरी कंपनियों के लिए डिजाइन, तकनीकी ड्राइंग, एमपीईबी अप्रूवल और तकनीकी खामियां सुधारने का काम करने के प्रमाण मिले। मोबाइल चैट में पैसों के लेनदेन के साक्ष्य भी मिले। पुलिस ने तीनों आरोपियाें मोहम्मद फजल, सुमित एवं सुभाष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- आल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप खेलने जा रही जबलपुर की जूडो टीम ने भरा 4 हजार रुपये जुर्माना