
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। ओमती थाना क्षेत्र में गाड़ी हटाने की बात पर शुरू हुआ विवाद बलवे में बदल गया। नाराज बदमाशों ने झूलेलाल मंदिर के पास जमकर उत्पात मचाया। घर पर पथराव और तोड़फोड़ की, पाइप बम जलाकर फेंके और तलवारें लहराकर दहशत फैलाई। महिलाओं के साथ अभद्रता भी की गई।
हंगामे और तनाव की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी भाग निकले। पुलिस ने मामले में बलवा सहित अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार झूलेलाल मंदिर के पास रहने वाली टीना यादव (45) मंगलवार रात घर पर थीं। इसी दौरान उनका बेटा मयंक वहां पहुंचा। उसने घर के पास खड़ी एक गाड़ी हटाने के लिए कहा। गाड़ी सुभाष सोनकर के बेटे की थी। इसी बात पर मनोज सोनकर का बेटा और उसके भाई वहां पहुंच गए। उन्होंने फोन कर अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया।
कुछ ही देर में गोलू सोनकर, अरमान सोनकर, अमन सोनकर, कुनाल सोनकर, मन्नू गोड उर्फ पुड्डा, शिबू सोनकर, वरुण सोनकर, विक्की सोनकर, साहस सोनकर सहित अन्य लोग वहां पहुंच गए। आरोपियोंके पास हथियार और पाइप बम थे। उन्होंने टीना यादव के घर पर पथराव किया और पाइप बम जलाकर फेंके।
तलवारें लहराकर हंगामा किया और महिलाओं के साथ अभद्रता की। घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपित भाग चुके थे। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के दवा बाजार से अपहरण, मंडला ले जाकर युवक को पीटा; यह वजह बनी विवाद की जड़