
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के चार खंभा इलाके में इंसानियत शर्मसार हो गई। घर लौट रहे 17 वर्षीय किशोर नौसाद अली की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश फैला दिया है।
पुलिस के अनुसार नौसाद अली अपने घर की ओर जा रहा था तभी पुरानी रंजिश के चलते 5 युवकों ने उसे रास्ते में घेर लिया। पहले आरोपियों ने नौसाद को थप्पड़ मारे, फिर सिर पर पत्थर से हमला कर उसे जमीन पर गिरा दिया।
चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। गंभीर हालत में परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन रविवर सोमवार मध्यात्रि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही हनुमानताल पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर 5 आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पिछले कुछ समय से युवाओं के बीच पुरानी रंजिश के मामले बढ़ रहे हैं। इस घटना के बाद चार खंभा क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस ने कहा कि जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग की हत्या से गुस्साए स्वजन ने दोषियों को फांसी की मांग की है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में पत्नी को ससुराल छोड़कर निकला युवक पेड़ पर लटका मिला, भानतलैया में शव रखकर लगाया जाम