
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र के नारायणपुर में पिता के अपमान से नाराज भतीजे ने स्वजन के साथ मिलकर रिश्ते के चाचा की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
नारायणपुर निवासी शेर सिंह तेकाम (48) मजदूरी करता था। उसके बड़े पिता का बेटा राजकुमार तेकाम उसके घर पहुंचा था। इस दौरान किसी बात पर शेर सिंह ने राजकुमार से अभद्रता कर दी।
घर लौटकर राजकुमार ने यह बात अपने बेटे आशीष को बताई। पिता के अपमान से आक्रोशित आशीष लाठी लेकर स्वजन शंभू तेकाम के साथ शेर सिंह के घर पहुंचा। दोनों ने शेर सिंह पर लाठियों से हमला कर दिया।
गंभीर चोट लगने से वह बेहोश होकर गिर पड़ा। स्वजन उसे मेडिकल अस्पताल ले गए, लेकिन वहां पहुंचने से पूर्व ही उनकी मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें हत्या की पुष्टि हुई है।
यह भी पढ़ें- संघमित्रा एक्सप्रेस में मुंह छिपाकर लेटा था डकैत, साइबर सेल की सूचना पर आरपीएफ ने जबलपुर में दबोचा