
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है। रात का न्यूनतम तापमान तीन दिनों में पांच डिग्री तक नीचे आ गया है। हवा का रुख उत्तरी-पूर्वी बना हुआ है।
उत्तर से आ रही ठंडी हवा से शनिवार को न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सीजन का अब तक सबसे कम है। वहीं अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
वातावरण में ठंड का असर बढ़ने से सुबह और रात में आवागमन करने वाले अब गर्म कपड़ों में देखे जा रहे हैं। मौसम विभाग ने अभी तीन दिनों इसी तरह तापमान में गिरावट की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री और रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है।
क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के अनुसार 28 अक्टूबर को मौसम का मिजाज बदल सकता है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 29 अक्टूबर से चार नवंबर के बीच में कहीं-कहीं वर्षा की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में एक सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र, पूर्व-मध्य तथा संलग्न दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है। इससे संबंधित चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। 26 अक्टूबर की सुबह तक इसके पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवातीय तूफान में परिवर्तित होने की संभावना है।
पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए यह और अधिक तीव्र होगा तथा 28 अक्टूबर की सुबह के आसपास आंध्र प्रदेश तट के निकट पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर पहुंचेगा।एक प्रेरित ऊपरी चक्रवातीय परिसंचरण, पश्चिमी राजस्थान तथा निकटवर्ती क्षेत्रों के ऊपर सक्रिय है। इसके मजबूत होते है कहीं-कहीं बादल छाने और बारिश की संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- इंदौर की उड़ान बंद, मुंबई की सीधी सेवा शुरू; 25 अक्टूबर से लागू होगा इंडिगो का नया विंटर शेड्यूल