
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर में मंगलवार को दशहरा मुख्य चल समारोह निकाला जाएगा। इसे देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। मुख्य चल समारोह के मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
शाम पांच बजे से विभिन्न चौराहों और तिराहों पर डायवर्जन लागू होगा, जो चल समारोह समाप्त होने तक जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों और फ्लाईओवर का उपयोग करने का आग्रह किया है।
मां महाकाली विसर्जन चला समारोह के दिन रामपुर से गौरीघाट तक भारी वाहनों और चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। चल समारोह समाप्त होने के बाद नो एंट्री में खड़े वाहनों को निकलने की अनुमति दी जाएगी।
आने वाले दिनों में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों और उपनगरीय इलाकों में चल समारोह के लिए यातायात योजना तय कर ली गई है। सादी वर्दी में भी जवान चल समारोह में शामिल रहेंगे और असामाजिक तत्वों पर नजर रहेंगे। भीड़ के बीच महिला पुलिस का दल भी सक्रिय रहेगा।
मुख्य चल समारोह नगर के सामने तीन पत्ती चौक स्थित चौक से शुरू होकर मढ़ाताल तिराहा, मालवीय चौक, सुपर मार्केट, घमंडी चौक, बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, सराफा चौक, कोतवाली, मिलौनीगंज, घोड़ा नक्काश होते हुए हनुमानताल स्थित विसर्जन स्थल तक पहुंचेगा।
छोटी लाइन फाटक, ब्लूम चौक, नौदरा, दमोहनाका, गोहलपुर तिराहा सहित विभिन्न स्थानों पर वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। पूरे मार्ग पर यातायात बल तैनात रहेगा।
रांझी क्षेत्र में बड़ा पत्थर, मस्ताना चौक, दर्शन तिराहा, मेमोरी तिराहा, जबलपुर इंजीनियरिंग कालेज और व्हीकल मोड़ पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा। वेस्टलैंड खमरिया से रांझी की ओर मध्यम और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। व्हीकल मोड़ से रांझी जाने वाले वाहनों को आधारताल की ओर डायवर्ट किया जाएगा। आधारताल से व्हीकल मोड़ की ओर आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाएगा।
गढ़ा चल समारोह का मार्ग कछपुरा ब्रिज, गौतम मढि़या, गुलौआ, बीटी तिराहा, आनंद कुंज, बाजार, राधाकृष्ण मंदिर होते हुए त्रिपुरी चौक तक रहेगा। इस दौरान गढ़ा बाजार मुख्य मार्ग से लेकर त्रिपुरी चौक तक शाम पांच बजे से सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेगा।
कछपुरा ब्रिज के नीचे तालाब के पास, गढ़ा पुराना थाना परिसर के पास वाहनों के पार्किंग के लिए जगह तय की गई है। तिलवारा की ओर से आने वाले वाहनों को बायपास होकर भेड़ाघाट चौराहा या अंधमूक बायपास से निकाला जाएगा। रानीताल से गढ़ा जाने वाले वाहनों को एमआर फोर पर डायवर्ट किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में दशहरे पर होगी जमकर खरीदारी, किसी ने बुक कराई गाड़ी तो कोई खरीदेगा एसी