_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। संस्कारधानी को एक बार फिर आर्थिक राजधानी मुंबई से सीधी विमान सेवा मिलने जा रही है। इंडिगो ने 25 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक का विंटर फ्लाइट शेड्यूल जारी किया है। इसमें जबलपुर-मुंबई के बीच रोजाना सीधी उड़ान को शामिल किया गया है, जबकि नवी मुंबई की सेवा शेड्यूल से बाहर हो गई है। दूसरी ओर, नए शेड्यूल में जबलपुर-इंदौर के बीच संचालित सीधी विमान सेवा का कोई उल्लेख नहीं है। इससे इंदौर के लिए जबलपुर से संचालित विमान सेवा 25 अक्टूबर से बंद होने की स्थिति साफ हो गई है।
इंडिगो के नए शेड्यूल में जबलपुर से दिल्ली के लिए दो, बेंगलुरु, हैदराबाद और मुंबई के लिए एक-एक उड़ान रखी गई है। सभी उड़ानों का संचालन प्रतिदिन होगा। इसके विपरीत वर्तमान में जबलपुर और इंदौर के बीच उपलब्ध सीधी हवाई कनेक्टिविटी को नए विंटर शेड्यूल में जगह नहीं दी गई है। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार किसी रूट का नए शेड्यूल में शामिल नहीं होना सेवा जारी नहीं रहने का संकेत है।
जबलपुर-इंदौर सीधी विमान सेवा बंद होने से दोनों शहरों के बीच नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ा झटका लगेगा। इंदौर में पढ़ाई और नौकरी करने वाले जबलपुर के युवा, कारोबारियों के साथ नौकरीपेशा लोगों के लिए यह सेवा खास तौर पर उपयोगी थी। सीधी उड़ान बंद होने के बाद यात्रियों को सड़क या ट्रेन से सफर करना होगा अथवा दूसरे शहरों के माध्यम से हवाई यात्रा करनी पड़ेगी। इससे यात्रा का समय और खर्च दोनों बढ़ सकते हैं।
नए शेड्यूल में जबलपुर-मुंबई के बीच सीधी उड़ान फिर शामिल की गई है। इंडिगो की फ्लाइट 6ई792 रात 7:40 बजे जबलपुर से मुंबई के लिए रवाना होगी और मुंबई से आने वाली 6E791 फ्लाइट रात 7:10 बजे जबलपुर पहुंचेगी। दोनों उड़ानें रोज संचालित होंगी। इससे मुंबई जाने वाले यात्रियों को एक बार फिर सीधी हवाई सुविधा मिलेगी।
वर्तमान में जबलपुर से नवी मुंबई के लिए उपलब्ध सेवा को नए विंटर शेड्यूल में शामिल नहीं किया गया है। यानी 25 अक्टूबर से नवी मुंबई की सीधी उड़ान के स्थान पर मुंबई के लिए उड़ान उपलब्ध होगी। यात्रियों के लिए यह बदलाव महत्वपूर्ण है, क्योंकि मुंबई महानगर क्षेत्र के दोनों एयरपोर्ट अलग-अलग स्थानों पर स्थित हैं।
नए शेड्यूल में जबलपुर-हैदराबाद उड़ान भी जारी रहेगी। फ्लाइट 6ई473 शाम 5:25 बजे जबलपुर से हैदराबाद के लिए रवाना होगी और हैदराबाद से आने वाली फ्लाइट 6E6291 शाम 4:55 बजे जबलपुर पहुंचेगी। इस रूट पर एटीआर विमान की जगह एयरबस का संचालन किए जाने की जानकारी दी गई है। इससे इस रूट पर विमान की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।
विंटर शेड्यूल में दिल्ली के लिए दो दैनिक उड़ानें रखी गई हैं। पहली फ्लाइट 6ई964 सुबह 9:50 बजे और दूसरी 6ई662 शाम 6:50 बजे जबलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होगी। दिल्ली से आने वाली उड़ानें क्रमश: सुबह 9:20 बजे और शाम 6:20 बजे जबलपुर पहुंचेंगी।
यह भी पढ़ें- दोस्तों के साथ चाय पीने गई छात्रा की चोरी-छिपे बनाई रील्स, पोस्ट होते ही आने लगे भद्दे कमेंट, आरोपी गिरफ्तार
25 अक्टूबर से लागू शेड्यूल के अनुसार जबलपुर से रोजाना पांच उड़ानें संचालित होंगी। इनमें दिल्ली के लिए दो तथा बेंगलुरु, हैदराबाद और मुंबई के लिए एक-एक उड़ान शामिल है। नए शेड्यूल में इंदौर और नवी मुंबई के लिए सीधी उड़ान नहीं रखी गई है। शेड्यूल 31 दिसंबर तक प्रभावी रहेगा। उड़ानों के समय में परिचालन कारणों से बदलाव संभव है।
| मार्ग | जबलपुर से प्रस्थान | जबलपुर आगमन |
| दिल्ली | 9:50 बजे | 9:20 बजे |
| बेंगलुरु | 1:00 बजे | 12:30 बजे |
| हैदराबाद | 5:25 बजे | 4:55 बजे |
| दिल्ली | 6:50 बजे | 6:20 बजे |
| मुंबई | 7:40 बजे | 7:10 बजे |