
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय में वर्ष 2012-13 के दौरान जूनियर स्टेनोग्राफर पदों पर हुई नियुक्तियों में अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठी है।
एनएसयूआई के प्रदेश सचिव एजाज अंसारी एवं प्रतीक गौतम के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने कुलपति डाॅ. मनदीप शर्मा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में भर्ती प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों, पात्रता मानदंडों, आरक्षण रोस्टर और चयन प्रक्रिया के पालन को लेकर सवाल उठाए गए हैं। संगठन ने संबंधित नियुक्तियों में अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, प्रमाणपत्रों की वैधता और वेतनमान निर्धारण की भी जांच कराने की मांग की है।
एनएसयूआई ने विज्ञापन क्रमांक 990, दिनांक 19 जून 2013 के तहत हुई नियुक्तियों से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। संगठन का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में नियमों के पालन और चयन से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष समीक्षा होनी चाहिए।
एनएसयूआई ने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित नियुक्तियों की नियमानुसार समीक्षा कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि विश्वविद्यालय जैसी प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था में भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और नियमसम्मत होनी चाहिए। निष्पक्ष जांच से वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी।