
नईदुनिया प्रतिनिधि,जबलपुर। रांझी के मढ़ई क्षेत्र में एक वास्तुशास्त्री के घर के बाहर खड़ी कार में अज्ञात आरोपितों ने आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना 12 सितंबर की देर रात की है। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। मामले में रांझी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आग लगाने वालों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मढ़ई निवासी विनय उमरे (42) वास्तुशास्त्री हैं। उन्होंने 12 सितंबर की रात अपनी कार क्रमांक एमपी 20 जेडवाय 5810 घर के बाहर खड़ी की थी। देर रात अज्ञात व्यक्ति ने कार में आग लगा दी। कुछ देर बाद कार को आग की लपटों से घिरा देखकर आसपास रहने वाले लोगों ने विनय को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही विनय घर से बाहर आए, लेकिन तब तक आग ने कार को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था। उन्होंने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
कार में आग किसने और किस वजह से लगाई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। रांझी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में अब मनमानी दौड़ नहीं लगा सकेंगे ई-रिक्शा, पार्किंग-रूट समेत जोन और रंग कोडिंग होगी तय