
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी स्वयं गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनें और उनका समाधान सुनिश्चित करें। शिकायत पर कार्रवाई दर्ज कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके निराकरण की नियमित निगरानी भी की जानी चाहिए। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने शुक्रवार को मझौली विकासखंड के रानीताल में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित जनसंवाद के दौरान अधिकारियों को यह निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ग्रामीणों से राशन वितरण, बिजली बिल, धान उपार्जन और भुगतान से जुड़ी समस्याएं सुनीं। उन्होंने किसानों की धान खरीदी और भुगतान संबंधी शिकायतों की जांच में तेजी लाकर नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। बिजली बिलों का सत्यापन कर शिकायतों का निराकरण करने और बिजली आपूर्ति बंद करने से पहले उपभोक्ताओं को सूचना देने के निर्देश दिए।
राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर हितग्राहियों के नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज कराने को कहा। सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य शिकायतों के निराकरण की नियमित समीक्षा पर भी जोर दिया।
रानीताल के आंगनवाड़ी केंद्र में कलेक्टर ने बच्चों का वजन कराया और पोषण आहार व सुविधाओं की जानकारी ली। माताओं से चर्चा कर बच्चों की स्थिति जानी। महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग को कमजोर बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने के निर्देश दिए।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीताल कटाव में कलेक्टर ने विद्यार्थियों से पढ़ाई और शिक्षकों की उपस्थिति के बारे में जानकारी ली। यूपीएससी की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों ने पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय से सवाल पूछे, जिनका उन्होंने जवाब दिया। विधायक अजय विश्नोई ने पात्र हितग्राहियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना के आश्वासन प्रमाण पत्र वितरित किए।
कलेक्टर ने टमाटर उत्पादक किसानों का क्लस्टर विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा। इसमें उत्पादन, लागत, परिवहन और विपणन का आकलन किया जाएगा, ताकि किसानों को बेहतर मूल्य और स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सके। उन्होंने नरवाई और पराली नहीं जलाने की अपील भी की।
मझौली जनपद पंचायत में आयोजित उद्यम संवाद में 20 उद्यमियों ने स्वरोजगार के अनुभव साझा किए। विभिन्न योजनाओं के तहत 18 हितग्राहियों को चेक वितरित किए गए। कलेक्टर ने कटाव धाम में प्रस्तावित पर्यटन विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
मझौली के सांदीपनि विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ मध्याह्न भोजन किया। विधायक के साथ उन्होंने विष्णु वराह मंदिर में पूजन-अर्चन भी किया। अभियान के दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गेहलोत, डिप्टी कलेक्टर अभिषेक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- त्योहार के बीच जबलपुर के पटाखा कारोबारियों को राहत, लाइसेंस बहाली के विचार का आश्वासन