
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। संस्कारधानी की पहचान अब सिर्फ संस्कार, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत तक सीमित नहीं रही। स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर भी जबलपुर ने अपनी ऐसी चमक बिखेरी है कि देशभर में शहर का नाम रोशन हो गया।
कभी स्वच्छता की रैंकिंग में पिछड़ने वाला जबलपुर अब देश के सबसे स्वच्छ शहरों की कतार में दूसरे पायदान पर खड़ा है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के परिणामों में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जबलपुर ने देश में दूसरा स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया। स्वच्छ सर्वेक्षण की रैकिंग में पहले स्थान पर विशाखापट्नम और तीसरे स्थान पर लखनऊ रहा।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जबलपुर की इस उपलब्धि के लिए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और तत्कालीन निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार सम्मानित किया। इस अवसर पर वर्तमान निगमायुक्त अग्रिम कुमार, उपायुक्त स्वच्छता सेल संभव अयाची और स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा भी मौजूद रहे।
जबलपुर की यह सफलता रातोंरात नहीं मिली। इसके पीछे लगातार सुधरती व्यवस्थाओं और जमीनी स्तर पर किए गए प्रयासों की लंबी कहानी है। वर्ष 2023-24 में स्वच्छता रैंकिंग में 13वें स्थान पर रहा जबलपुर 2024-25 में पांचवें पायदान पर पहुंचा। अब तीन और स्थान ऊपर चढ़कर देश में दूसरे नंबर पर आ गया। यानि महज दो वर्षों में 11 पायदान का सफर तय कर शहर ने अपनी स्वच्छता व्यवस्था की ताकत साबित कर दी। पिछले एक दशक में यह जबलपुर की सबसे बड़ी स्वच्छता उपलब्धि है।
इस बदलाव की बड़ी वजह सफाई व्यवस्था को केवल कर्मचारियों के भरोसे छोड़ने के बजाय उसे तकनीक और जवाबदेही से जोड़ना रहा। महापौर से लेकर निगमायुक्त तक सुबह-सुबह सफाई व्यवस्था का जायजा लेने मैदान में उतरे।
सफाईकर्मियों की हाजिरी एप से दर्ज होने लगी और कचरा संग्रहण वाहनों की जीपीएस से निगरानी शुरू हुई। स्मार्ट सिटी के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से वाहनों की आवाजाही पर नजर रखी जाने लगी। शहर के सभी 79 वार्डों में घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था संचालित है।
प्रमुख बाजारों में रात्रिकालीन सफाई शुरू की गई। 14 मशीनी सफाई मशीनें प्रतिदिन 30 से 40 किलोमीटर सड़कों की सफाई कर रही हैं। कचरा संग्रहण वाहनों में पांच अलग-अलग डिब्बों की व्यवस्था से कचरे के पृथक्करण को बढ़ावा दिया गया है। सफाईकर्मियों की बड़ी टीम और संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल ने इस अभियान को गति दी।
जबलपुर की रैंकिंग में सुधार किसी एक दिन का परिणाम नहीं है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2023-24 में शहर 22वें स्थान पर था। इसके बाद 13वें और फिर पांचवें स्थान पर पहुंचा। लगातार कमियों की पहचान कर उन्हें दूर किया गया। सफाई व्यवस्था में ई-अटेंडेंस लागू हुई, कचरा वाहनों की संख्या 250 से बढ़ाकर 450 की गई और घर-घर कचरा संग्रहण को मजबूत किया गया।
शहर में वेस्ट टू एनर्जी प्लांट शुरू होने से कचरे के वैज्ञानिक निष्पादन को गति मिली। रानीताल में वर्षों से जमा कचरे के पहाड़ की बायोमाइनिंग कर करीब 3.5 लाख टन कचरे का निष्पादन कराया गया। कचरा वाहनों में जीपीएस, तय रूट और दमोहनाका स्थित इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर से निगरानी ने सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया। गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए वाहनों में अलग-अलग व्यवस्था पर भी जोर दिया गया।
स्वच्छता के साथ शहर को सुंदर बनाने के लिए भी नवाचार किए गए। पुरानी मेट्रो बसों को चलित लाइब्रेरी, खेल बस और आश्रय स्थल में बदला गया। कबाड़ से कलाकृतियां बनाई गईं। थैला बैंक, बर्तन बैंक और थ्री-आर सेंटर शुरू किए गए। वहीं सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से निकलने वाले उपचारित पानी का इस्तेमाल उद्यानों और डिवाइडरों में पौधों की सिंचाई के लिए किया जा रहा है।
नगर निगम ने सफाई, कचरा प्रबंधन, नागरिक फीडबैक, सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव और शहर के सौंदर्यीकरण पर फोकस बढ़ाया है। यह उपलब्धि बताती है कि प्रशासनिक इच्छाशक्ति के साथ नागरिकों की भागीदारी जुड़ जाए तो शहर की तस्वीर बदल सकती है।
यह भी पढ़ें- किसानों पर कही बात से पीछा नहीं छूटा कि रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने दे दिया नया विवादित बयान