
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मझौली थाना क्षेत्र के ग्राम पडुरिया में धुरेड़ी के दिन ग्राम खबरा निवासी अर्जुन सिंह गौड़ उर्फ अज्जू (24) की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। जिसे आरोपित की बहन ने देख लिया। दो दिन बाद उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटनाक्रम से युवक की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। जांच में पता चला है कि जिस युवक की हत्या की गई उससे आरोपित की बहन की दोस्ती थी।
पुलिस मामले में अब विस्तृत जांच पड़ताल कर रही है। मृतक युवक और आरोपी की बहन के फोन कॉल विवरण निकलवाया जा रहा है। उनकी दोस्ती के बारे में और जानकारी ली जा रही है। युवती की आत्महत्या के किसी अन्य कारण को लेकर भी छानबीन की जा रही है। रास्ता रोका और सिर पर मार दी कुल्हाड़ी- अर्जुन सिंह धुरेड़ी वाले दिन मोटरसाइकिल से ग्राम पडुआ पिपरिया से जा रहा था।
तभी मयंक सेन ने उसका रास्ता रोका। उसकी बहन को घूरने की बात कहकर अर्जुन से विरोध जताया। इसी बात को लेकर उनके बीच बुधवार को कहासुनी हुई। पूर्व में की गई छेड़खानी के कारण भी मयंक, अर्जुन से रंजिश रखता था। गुस्से में आकर उसने कुल्हाड़ी से अर्जुन के सिर पर प्रहार कर दिया। उसकी हत्या कर दी।
वारदात के अगले दिन पुलिस ने आरोपित मयंक सेन को गिरफ्तार कर लिया। उसके घर पर शुक्रवार को मां मीरा और बहन साक्षी (20) थी। मीरा शाम को कुछ काम से घर से बाहर निकली। वापस आकर देखा तो साक्षी कमरे में फंदे पर झूल रही थी। उसकी मौत हो चुकी थी। अर्जुन की हत्या उसी वक्त हुई थी जब वह साक्षी के घर के सामने से जा रहा था। वारदात को साक्षी ने देखा था।