
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रानीताल खेल मैदान के समीप झाड़ियों में सुबह-सुबह एक महिला की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी मच गई। सूचना पर एएसपी शहर आयुष गुप्ता, थाना प्रभारी लार्डगंज नवल सिंह आर्य और एफएसएल प्रभारी मौके पर पहुंचे। टीम ने प्राथमिक जांच-पड़ताल के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
लार्डगंज पुलिस ने बताया कि रानीताल खेल मैदान की दीवार के समीप झाड़ियों के बीच एक महिला की लाश मिली है। प्राथमिक जांच में महिला के गले और पेट में चोट के निशान और खून दिखाई दे रहा है। प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि किसी ने महिला की हत्या कर लाश को दीवार के किनारे फेका है। महिला की पहचान नहीं हो सकी है। महिला ब्लेक कलर की गाउन पहने हुए है। दाहिने हाथ में गुदना से फूल बना हुआ है।
बताया जाता है कि वारदात को अंजाम देने वाले ने गर्दन और पेट पर धारदार हथियार से हमला किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। आशंका है कि लाश शनिवार रात में उक्त स्थान में फेकी गई है।
एएसपी शहर आयुष गुप्ता ने बताया कि स्टेडियम की बाउंड्रीवॉल के समीप एक अज्ञात महिला का शव मिला है। उसकी उम्र करीब 25-30 साल के आसपास है। सड़क किनारे झुग्गी बनाकर रहने वालों ने लाश पड़ी होने की सूचना दी थी। शिनाख्त के हरसंभव प्रयास कराते हुए मामले की विस्तृत जांच पड़ताल कराई जा रही है।