
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। हिंदू विवाहित महिला के साथ मुस्लिम युवक ने चाकू दिखाकर दुष्कर्म किया। दुष्कर्म का अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करता रहा और कई बार संबंध बनाए। बाद में मतांतरण करवाकर उससे जबरन निकाह किया। आरोप हैं कि महिला के साथ आरोपित मुस्लिम युवक के पिता ने भी कई बार दुष्कर्म किया।
किसी तरह पिता-पुत्र के चंगुल से छूटी महिला ने हिंदूवादी संगठन धर्मसेना के कार्यकर्ताओं के साथ रविवार को अधारताल थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपित युवक और उसके पिता समेत बालाघाट में मतांतरण करवाने वाले मौलवी के खिलाफ दुष्कर्म, मतांतरण कराने और दुराचार समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
.jpg)
पुलिस के मुताबिक गोहलपुर थाना क्षेत्र निवासी महिला के घर आनंद नगर निवासी दिलशान मंसूरी का आना-जाना था। आरोपित का जबलपुर बाइपास पर बाडी शाप का काम है। 30 जून 2021 को जब महिला के घर में पति नहीं था, तब दिलशान पहुंचा और अकेला पाकर उसने चाकू दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने अश्लील वीडियो भी बनाया।
इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर वह महिला को ब्लैकमेल करने लगा। वह धमकी देकर लगातार महिला पर संबंध बनाने का दबाव बनाता रहा। किसी के सामने मुंह खोलने पर आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने की भी धमकी देता था।
महिला का कहना है कि जुलाई 2021 को आरोपित ने उसे काम दिलवाने के बहाने अपने साथ बालाघाट लेकर गया। यहां उसने मौलवी की मदद से जबरन मतांतरण कराकर निकाह किया। इस वक्त तक महिला का हिंदू पति के साथ तलाक नहीं हुआ था। आरोपित ने कई बार महिला के आपत्तिजनक वीडियो बनाए और उन्हें इंटरनेट मीडिया में बहु प्रचारित करने की धमकी देकर डराता रहता।