जबलपुर में बहू से छेड़खानी की शिकायत करने गए ससुर की पीट-पीटकर हत्या, तीनों आरोपी फरार
जबलपुर में बहू से छेड़खानी का विरोध करने पर तीन आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीटकर 60 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर दी। फरार आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
Publish Date: Sun, 01 Nov 2026 12:57:41 PM (IST)Updated Date: Sun, 01 Nov 2026 12:57:41 PM (IST)
ससुर की पीट-पीटकर हत्या। (एआई जनरेटेड)HighLights
- जबलपुर के पनागर में बुजुर्ग की हत्या।
- बहू से छेड़खानी का विरोध करने पर विवाद।
- तीन आरोपियों ने लाठी-डंडों से किया हमला।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर: पनागर थाना क्षेत्र के सिंगलद्वीप गांव में बहू के साथ छेड़खानी का विरोध करना एक 60 वर्षीय व्यक्ति को भारी पड़ गया। शिकायत को लेकर उपजे विवाद में तीन लोगों ने बुजुर्ग पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने शुक्रवार देर रात को मेडिकल अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
छेड़खानी की शिकायत करने पहुंचे थे बुजुर्ग
22 अक्टूबर को गांव में एक महिला जब रास्ते से अकेले गुजर रही थी, तो के राजेश चक्रवर्ती ने उसके साथ छेड़खानी कर दी थी। महिला ने घर पहुंचकर इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी। इसके बाद परिवार के बुजुर्ग आरोपी की शिकायत करने के लिए उसके घर पहुंचे।
विवाद ने लिया हिंसक रूप
- उन्होंने बहू के साथ छेड़खानी को लेकर आपत्ति की, जिस पर राजेश, काली और भाग्य चक्रवर्ती विवाद करने लगे। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। तीनों ने बुजुर्ग पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
- परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे। उनकी स्थिति नाजुक थी। उपचार के दौरान शुक्रवार रात को उनकी मौत हो गई। छेड़खानी की शिकायत से शुरू हुआ विवाद अब हत्या के मामले में बदल गया है। तीनों आरोपितों पर दर्ज एफइआर में हत्या की धाराएं बढ़ाई जा रही है। आरोपित फरार है।