जबलपुर वासियों को बड़ी सौगात, 45 करोड़ से बनी जेडीए की SR-3 सड़क शुरू, दीनदयाल चौक के जाम से मिली मुक्ति
जबलपुर के दीनदयाल चौक पर जाम से बड़ी राहत मिली है। जेडीए की 45 करोड़ से बनी एसआर-3 सड़क शुरू होने से विजयनगर से नागपुर बायपास जाना अब आसान हो गया है।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 11:16:47 AM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 11:16:47 AM (IST)
जबलपुर वासियों को बड़ी सौगात। (नईदुनिया)HighLights
- जेडीए की 45 करोड़ से एसआर-3 सड़क बनकर तैयार।
- 2.6 किमी लंबी इस सड़क से जाम से मिलेगी राहत।
- विजयनगर से नागपुर बायपास का 5 किमी का फेरा घटा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर: शहर के सबसे बड़े चौराहे में शामिल दीनदयाल चौक पर लगने वाले भीषण जाम ने लोगों को हलकान कर रखा है। दमोहनाका से कंटगी, पाटन, करमेता की तरफ जाने वाले लोग को जाम से जूझना पड़ रहा है। वहीं विजय नगर व आस-पास के क्षेत्र के नागरिकों को भी रोजाना ही जाम से दो-चार होना पड़ रहा है। हालांकि राहत की बात ये है कि शहर की बड़ी आबादी को अब दीनदयाल चौक पर बसों की आवाजाही और चुंगी नाका के पास लगने वाले भीषण जाम से मुक्ति मिल गई है।
जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की महत्वपूर्ण परियोजना 64-65 के अंतर्गत बनी ‘एसआर-3’ सड़क का निर्माण कार्य पूरा होने के साथ ही आवागमन भी शुरू हो गया है। अब नागरिक बिना जाम में फंसे सीधे नागपुर बायपास की और आवागमन कर रहे हैं। इसका सबसे अधिक लाभ विजय नगर और उसके आसपास के रहवासियों को हो रहा है। वहीं जेडीए की दूसरी बहुप्रतिक्षित सड़क एसआर-2 भी जल्द आकार लेगी। जेडीए के अनुसार टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है जल्द ही निर्माण कार्य आरंभ होगा। ये सड़क एसआर-3 को जोड़ते हुए पाटन बायपास को जोड़ेगी।
45 करोड़ से बनी, 48 मीटर चौड़ी है सड़क:
- जेडीए अधिकारियों के अनुसार एसआर-3 सड़क करीब 45 करोड़ रुपये से बनकर तैयार हुई है। इसकी लंबाई 2.6 किमी है। जबकि जबकि चौड़ाई 48 मीटर है। इसके बन जाने के बाद शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम हुआ है।
- कचनारी, मोहनिया, बसहा, अमखेरा, कुदवारी और महाराजपुर क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास को गति मिलने की उम्मीद है। जेडीए ने विकास योजनाओं के बजट में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रावधान भी किए हैं। इसके तहत वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने और महत्वपूर्ण परिसरों में सोलर पैनल लगाने की व्यवस्था शामिल है।
पांच किमी का फेरा हुआ कम:
विजय नगर स्थित ‘जीरो डिग्री’ से शुरू होने वाली यह सड़क मोहनिया, बहदन, बसहा और सिमरिया सहित शहर के कई अन्य क्षेत्रों की बड़ी आबादी के लिए वरदान साबित हो रही है। अभी तक नागरिकों को नागपुर बायपास जाने के लिए दीनदयाल चौक होकर गुजरना पड़ता था, जिसमें करीब 5 से 7 किलोमीटर का अतिरिक्त फेरा लगाना पड़ता था। अब इस नए मार्ग के चालू होने से समय और ईंधन दोनों की भारी बचत होने लगी है।
312 करोड़ से बनेगी टाउनशिप
- जेडीए की योजना क्रमांक 64 और 65 के अंतर्गत बाहरी हिस्से में जहां दो महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण कर यातायात सुगम कर रहा है। बायपाय से कनेक्टिविटी बढ़ा रहा है वहीं जीरो डिग्री के आगे 500 एकड़ क्षेत्र में टाउनशिप भी विकसित कर रहा है।
- यहां रहवासी के अलावा, व्यावसायिक और औद्योगिक हब विकसित किए जा रहे हैं। 500 एकड़ की इस विशाल टाउनशिप में स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों जैसे महत्वपूर्ण संस्थान प्रस्तावित हैं। इसके लिए 312 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। दावा किया जा रहा है कि जबलपुर का यह क्षेत्र एक नए व्यापारिक केंद्र के रूप में उभरेगा।
आंकड़ों में जाने
- 45 करोड़ रुपये सड़क की निर्माण लागत
- 2.6 किलोमीटर, एसआर-3 सड़क की लंबाई
- 48 मीटर है चौड़ाई
- 5 से 7 किलोमीटर का फेरा हुआ कम
यह भी पढ़ें- जबलपुर में दिवाली पर मिठाई बिक जाती है, 5 करोड़ की फूड लैब से महीनों बाद आ रही रिपोर्ट