
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर की पहचान केवल यहां की ऐतिहासिक इमारतों, संस्कारधानी की सांस्कृतिक विरासत और नदी के किनारों से ही नहीं, बल्कि उस रेलवे स्टेशन से भी जुड़ी है, जहां से डेढ़ सदी से अधिक समय से शहर की रफ्तार देश के अलग-अलग हिस्सों से जुड़ती रही है।
जबलपुर रेलवे स्टेशन ने अंग्रेजों के दौर में एक छोटे से सिंगल लाइन स्टेशन के रूप में रेलगाड़ियों की पहली सीटी सुनी और आज छह प्लेटफार्म वाले व्यस्त जंक्शन के रूप में विकसित हो चुका है। शुक्रवार को मुख्य स्टेशन अपने गौरवशाली सफर के 156 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाएगा।
शहर में रेल पहुंचने की शुरुआत वर्ष 1867 में हुई थी। एक जून 1867 को ईस्ट इंडियन रेलवे ने नैनी (प्रयागराज के पास) से जबलपुर तक रेल लाइन यातायात के लिए खोल दी थी।
इसके बाद मार्च 1870 में ग्रेट इंडियन पेनिनसुला रेलवे की लाइन जबलपुर पहुंची। इसी ऐतिहासिक रेल संपर्क को याद करते हुए स्टेशन पर स्थापित स्मारक में ‘बांबे मीट्स कोलकाता इन जबलपुर आन 8 मार्च, 1870’ दर्ज है। ब्रिटिश दौर में यह स्टेशन ‘जबलपुर’ के बजाय ‘जुब्बुलपुर’ नाम से जाना जाता था।
शुरुआत में सीमित सुविधाओं और एक रेल लाइन वाला यह स्टेशन समय के साथ विस्तार की राह पर आगे बढ़ा। वर्ष 1905 में बंगाल-नागपुर रेलवे ने गोंदिया के लिए नैरोगेज लाइन बनाई। इसके बाद रेल संपर्क और परिचालन का दायरा बढ़ता गया। अलग-अलग समय पर प्लेटफार्म और यात्री सुविधाएं विकसित हुईं। करीब डेढ़ सदी के इतिहास में मार्च 2020 का कोविड लाकडाउन भी एक ऐसा पड़ाव रहा, जब पहली बार यात्री ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा।
एक अप्रैल 1952 को तत्कालीन मध्य रेलवे के अंतर्गत जबलपुर रेल मंडल का गठन हुआ। आगे चलकर चार जुलाई 2002 को पश्चिम मध्य रेलवे के गठन की अधिसूचना जारी हुई और एक अप्रैल 2003 से नया रेल जोन परिचालन में आया। इसका मुख्यालय जबलपुर में स्थापित हुआ।
आज जबलपुर स्टेशन पर छह प्लेटफार्म हैं और पुनर्विकास की प्रस्तावित योजना में इनकी संख्या बढ़ाकर आठ करने की तैयारी है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक स्वरूप देने के लिए फसाड, लिफ्ट, एस्केलेटर, एसी लाउंज और स्थानीय कला-संस्कृति से जुड़ी कलाकृतियों जैसी सुविधाओं पर काम किया गया है। स्टेशन की ऐतिहासिक पहचान को सहेजने की दिशा में भी पहल हुई है। विश्व विरासत दिवस पर 18 अप्रैल 2025 को स्टेशन परिसर में स्थापित ऐतिहासिक स्मारक का लोकार्पण किया गया था।
जबलपुर रेलवे स्टेशन के 156 वर्ष पूर्ण होने पर शुक्रवार को प्लेटफार्म नंबर-एक स्थित कान्कोर्स एरिया में ‘जबलपुर रेलवे स्टेशन महोत्सव’ आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में स्टेशन की ऐतिहासिक यात्रा पर आधारित लघु फिल्म दिखाई जाएगी। ‘विरासत स्मारिका’ का विमोचन और स्टेशन परिसर में तैयार हेरिटेज गैलरी का उद्घाटन भी होगा। गैलरी में स्टेशन के इतिहास और गौरवशाली अतीत से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी।
स्काउट्स एवं गाइड्स की ओर से नुक्कड़ नाटक, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। क्षेत्रीय फूड फेस्टिवल में स्थानीय व्यंजनों की झलक मिलेगी। उत्कृष्ट योगदान देने वाले बच्चों और रेल कर्मचारियों को सम्मानित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण के संदेश के तहत पौधों का वितरण भी किया जाएगा। उद्घाटन के बाद हेरिटेज गैलरी आम नागरिकों और यात्रियों के अवलोकन के लिए खोली जाएगी।
यह भी पढ़ें- 28 नवंबर को चलेगी मुजफ्फरपुर-हडपसर वन-वे स्पेशल ट्रेन, कटनी, जबलपुर और इटारसी में ठहराव