
नईदुनिया, प्रतिनिधि, जबलपुर: गढ़ा थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने चाकू दिखाकर महिला के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र लूट लिया। तिलवारा, न्यू शास्त्रीनगर निवासी आरती ठाकुर (37) की भोपाल में ससुराल है। वह रक्षाबंधन पर मायके आई थीं। शुक्रवार की रात वह मां सरला ठाकुर के साथ जन्मदिन पार्टी में गढ़ा सामुदायिक भवन गई थी, जहां दोनाें मोपेड से घर लौट रही थीं।
रात करीब 9.45 बजे पिसनहारी मढ़िया के पहले गढ़ा पुलिस लाइन क्वार्टर के सामने बाइक सवार दो युवकों ने उनकी मोपेड रोक ली। बाइक में पीछे बैठे बदमाश ने मां-बेटी को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और महिला की चेन-मंगलसूत्र खींचकर मेडिकल कालेज की ओर भाग गए। अचानक हुई घटना से दोनों दहशत में आ गई। तभी पीछे अन्य दोपहिया वाहन से आ रहे आरती के पिता पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद मां-बेटी ने वारदात की जानकारी दी। उसके बाद देर रात पुलिस थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
आरती ने पुलिस को बताया कि लूट करने वाले दोनों बदमाश दुबले-पतले थे। बाइक चालक ने काली टी-शर्ट और पीछे बैठे युवक ने क्रीम रंग की शर्ट पहन रखी थी। आरोपितों की पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है। उनके हुलिए के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें- प्रेमी से मिलने भोपाल आई जर्मन महिला का खत्म हुआ वीजा, दो दिन स्टेशन पर भटकती रही, भोपाल पुलिस ने दी पनाह