
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर/दमोह। अफगान नागरिकों को भारतीय पासपोर्ट दिलाने के लिए जबलपुर के तीन पतों का इस्तेमाल फर्जी तरीके से किया गया। एटीएस की जांच में सामने आया है कि तीनों अफगानियों के आधार बंगाल से बने है।
वहीं, पासपोर्ट आवेदन में मोतीनाला, उपरैनगंज और छोटी ओमती के पते दर्ज कराए गए थे। इन्हीं पतों के आधार पर दस्तावेज तैयार कराए गए और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इसके बाद दमोह पासपोर्ट सेवा केंद्र से तीनों के भारतीय पासपोर्ट जारी हो गए। एटीएस ने तीनों पासपोर्ट जब्त कर लिए हैं।
जांच में सामने आए पते अफगान नागरिकों के पते में 300 मोतीनाला तालाब सदर, 410 उपरैनगंज और 870 छोटी ओमती हैं। एटीएस अब इन पतों के वास्तविक निवासियों और दस्तावेज तैयार कराने में शामिल लोगों की जानकारी जुटा रही है।
आशंका है कि स्थानीय स्तर पर बिचौलियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कराने से लेकर सत्यापन तक की व्यवस्था की थी। सबसे पहले छोटी ओमती से भारतीय पासपोर्ट के साथ दबोचे गए अफगान नागरिक सोहबत की भी तीनों आरोपितों के पते बदलवाने में भूमिका की जांच की जा रही है।
दमोह में कर्मचारियों से आमने-सामने पूछताछ
एटीएस जबलपुर की पांच सदस्यीय टीम बंगला से पकड़कर लाए गए अफगान नागरिकों अयूब खान, अब्दुल बारी और असलम खान को लेकर शुक्रवार को दमोह पहुंची थी। यहां पासपोर्ट प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के सामने तीनों की पहचान कराने का प्रयास किया गया।
एक कर्मचारी के कार्यालय में मौजूद नहीं होने पर उससे वीडियो काल के जरिए पूछताछ की गई। आवेदन में लगे जन्म प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच भी की गई।
यह भी पढ़ें- एमपी के हाइवे की स्ट्रीट लाइटों को स्मार्ट बनाने का सर्वे पूरा, ग्वालियर की 6235 लाइटों की भोपाल से होगी निगरानी
पूछताछ में सामने आया यह फर्जीवाड़ा
एटीएस की पूछताछ में यह भी सामने आया है कि तीनों के आधार कार्ड में कोलकाता के वास्तविक पते की जगह जबलपुर का पता दर्ज कराया गया था। फर्जीवाड़ा कर भारतीय पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह ने दमोह केंद्र इसलिए चुना, ताकि छोटी जगह होने पर प्रक्रिया ज्यादा किसी के संज्ञान में न आए।
पासपोर्ट के लिए सत्यापन के निर्धारित दिन के पहले ही तीनों को जबलपुर में बुला लिया गया था। किसी को शंका न हो इसलिए तीनों अफगान नागरिकों को अलग-अलग दिन पासपोर्ट केंद्र ले जाया गया था।
यह भी पढ़ें- 'मैं डिब्बा मंत्री हूं, पर यह बुरी बीमारी है', यंग थिंकर्स कंफ्लुएंस में ऐसा क्यों बोले ज्योतिरादित्य सिंधिया?