
जबलपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि
जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस के एसी टू कोच के व्हील में गुरुवार रात अचानक आग लग गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब ट्रेन पश्चिम मध्य रेलवे जोन के खुरई स्टेशन के पास पहुंची थी। इसे यात्रियों में हडकंप मच गया। हालांकि रेल कर्मियों ने तत्काल आग पर काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार गोंडवाना एक्सप्रेस गुरुवार रात खुरई स्टेशन से रवाना हुई। इसी दौरान इस बोगी से आग की लपटें निकलने लगी। प्लेटफॉर्म पर मौजूद एक यात्री की नजर इस पर पड़ी। उसने मदद के लिए आवाज लगाई, तो रेल प्रशासन हरकत में आया। तत्काल ट्रेन को रुकवाया गया। आरपीएफ और जीआरपी समेत रेलवे अफसर मौके पर पहुंचे और आग बुझाई गई। बताया जाता है कि प्रारंभिक जांच में एसी ए-2 कोच में तकनीकी खराबी आने के कारण आग लगी थी।