Jabalpur News: अंधेरे में डूबी जसूजा टावर धनवंतरि नगर की सड़कें
जबलपुर की कई कालोनियां शाम होते ही अंधकार में डूब जाती हैं।
By Ravindra Suhane
Edited By: Ravindra Suhane
Publish Date: Mon, 20 Sep 2021 11:56:24 AM (IST)
Updated Date: Mon, 20 Sep 2021 11:56:24 AM (IST)

जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। एक तरफ शहर को एलइडी लाइट से रोशन किया जा रहा है वहीं दूसरी तरह अभी भी शहर की कई सड़के, मोहल्ला, कालोनी अंधेरे में डूबे हैं। धनवंतरि नगर के जसूजा टावर व आस-पास की कालोनियों का भी यही हाल है। शाम ढलते ही यहां की सड़कें और कालोनी की गलियां अंधेरे की आगोश में समा जाती है। क्योंकि यहां न तो स्ट्रीट लाइट ही बंद पड़ी है। कालोनी वासियों ने बताया कि नगर निगम प्रकाश व्यवस्था के नाम पर टैक्स तो ले रहा है लेकिन मूलभूत सुविधाएं नहीं दे रहा है।
एक माह से बंद पड़ी, दहशत में वाशिंदे: धनवंतरि नगर सहित जसूजा टॉवर के जसूजा सिटी में रहने वाले नागरिकों ने बताया कि स्ट्रीट लाइट करीब एक माह से बंद पड़ी है। अंधेरे होने से असमाजिक तत्वों की धमाचौकड़ी व चोरी होने का भय सताता रहता है। शाम होते ही बच्चे घरों में कैद हो जाते हैं। जरूरी कार्य या कोचिंग के लिए जाने वाले युवक-युवतियाें में भी दहशत का माहौल बना रहा रहता है। कब कहां कोई वारदात हो जाए यहीं डर मन में बना रहता है। नगर निगम को कई बार शिकायत की गई लेकिन निगम के अधिकारी ध्यान ही नहीं दे रहे हैं।
अब तक लगी सिर्फ सात हजार एलइडी: नगर निगम और स्मार्ट सिटी शहर में नई चमकदार एलइडी लाइट लगवा रहा है। लेकिन इसकी रफ्तार इतनी सुस्त और जनप्रतिनिधियों का इतना दबाव है कि सबसे पहले उन्हीं के क्षेत्र में लाइट लगाई जा रही है। बाकी क्षेत्रों में नगर निगम का प्रकाश विभाग भी ध्यान नहीं दे रहा है। दमोहनाका, अधारताल, रांझी आदि कई क्षेत्रों में अब तक एलइडी नहीं लगाई गई है।
--
एलइडी लाइट बदलने और नई लगाने का कार्य जारी है। इसमें थोड़ा वक्त लग रहा है लेकिन सभी क्षेत्रों में एलइडी लगाई जाएगी।
संभव अयाची, सहायक आयुक्त नगर निगम