
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर शुक्रवार देर रात एक युवक के साथ मारपीट और पिस्टल की बट से हमला करने का मामला सामने आया है।
कांचघर निवासी कौशल राजपूत ने दयानंद सरस्वती वार्ड के पार्षद लवलीन आनंद के बेटे राजवीर आनंद पर चार साथियों के साथ उसका अपहरण कर कार में बैठाने और हमला करने का आरोप लगाया है। घायल कौशल देर रात निजी अस्पताल पहुंचा, जहां उसे भर्ती कराया गया।
पीड़ित का चल रहा था पुराना विवाद
पीड़ित का पार्षद पुत्र के साथ पुराना विवाद था। उसने मामले में समझौते के लिए कौशल को ब्योहार बाग समीक्षा टाउन के पास जीआरपी लाइन बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद समझौते की बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर कौशल के साथ मारपीट की गई और सिर पर पिस्टल की बट से वार किया गया।
इसके बाद राजवीर और उसके साथियों ने मिलकर कौशल का अपहरण कर कार में ले गए। कार में उसके साथ मारपीट की गई और धमकाया गया। हमलावरों में राजवीर सहित चार लोग थे। मौके पर एक युवती के भी पहुंचने को लेकर चर्चा है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के फर्जी पते से बने 3 अफगानियों के भारतीय पासपोर्ट, बंगाल के आधार पर बनाए गए, ATS जांच में खुलासा
थाने में दर्ज की गई रिपोर्ट
कौशल ने आरोप लगाया कि शिकायत लेकर सिविल लाइंस थाने पहुंचने पर उसे बैठाए रखा गया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। बाद में वह अस्पताल पहुंचा और घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किया। सिविल लाइंस पुलिस ने वीडियो की जांच कर कार्रवाई की बात कही है। यह भी सामने आया है कि पीड़ित हाल ही में जेल से बाहर आया है।
यह भी पढ़ें- एमपी के हाइवे की स्ट्रीट लाइटों को स्मार्ट बनाने का सर्वे पूरा, ग्वालियर की 6235 लाइटों की भोपाल से होगी निगरानी