Jabalpur Railway News : तीन दिन में 75 हजार रेल यात्रियों ने किया सफर
Jabalpur Railway News : जबलपुर मंडल से ट्रेनों में यात्रा करने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है।
By Brajesh Shukla
Edited By: Brajesh Shukla
Publish Date: Fri, 12 Nov 2021 02:10:00 PM (IST)
Updated Date: Fri, 12 Nov 2021 02:10:26 PM (IST)

जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। जबलपुर रेल मंडल में आठ नवंबर से पैसेंजर यात्री गाड़ियों के डिब्बों में सामान्य श्रेणी की अनारक्षित टिकट भी जारी कर दी है। अब सामान्य श्रेणी की टिकट मंडल में छह जोड़ी यात्री गाड़ियों में शुरू होने से इस दर्जे से यात्रा करने वालों का रुझान अब रेलवे की ओर बढ़ रहा है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विश्व रंजन ने बताया कि जबलपुर रेल मंडल में आठ से 10 नवंबर के बीच पिछले तीन दिनों में जबलपुर मंडल में 34, हजार 673 रेल टिकटों पर 74 हजार 961 यात्रियों ने अपनी यात्रा मंडल के विभिन्न स्टेशनों में की है।
सामान्य श्रेणी का टिकट भी दिया गया : जबलपुर स्टेशन से 8 नवंबर से 10 नवंबर के बीच 6990 सामान्य श्रेणी की टिकट का विक्रय टिकट विंडो से किया गया है। मंडल में निरंतर यात्रा करने के लिए 735 यात्रियों ने मासिक सीजन टिकट भी तीन दिन में बनवाए हैं। पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय ने दीपावली के पूर्व ही आठ नवंबर से जबलपुर रीवा शटल, जबलपुर रीवा इंटरसिटी, विंध्याचल एक्सप्रेस, हबीबगंज इंटरसिटी, इटारसी प्रयागराज पैसेंजर, भोपाल दमोह पैसेंजर गाड़ी में जनरल टिकट लेकर यात्रा करने की स्वीकृति दे दी थी। इसके बाद बुधवार तक मंडल में लगभग 35 हजार टिकट पर 75 हजार यात्रियों ने यात्रा की है। अब उन ट्रेनों का भी मंथन शुरू हो गया है, जिसमें अभी तक यह सुविधा नहीं दी जा रही थी। जनरल टिकट की सुविधा शुरू करने के बाद आए अच्छे फीडबैक से न सिर्फ यात्री बल्कि रेलवे भी खुश है। इस बात को ध्यान में रखकर अब लंबी वेटिंग वाली ट्रेनों में जनरल टिकट की सुविधा दी जा सकती है।