जबलपुर एसपी बोले-कार्बाइड गन से जुड़े इन खतरों को न करें नजरअंदाज, न खरीदें और ना ही चलाएं; कोई बेचते दिखे तो दें सूचना
पुलिस ने अभिभावकों से विशेष रूप से बच्चों को ऐसी गनों और इन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री से दूर रखने के लिए कहा है।
Publish Date: Tue, 27 Oct 2026 09:24:17 AM (IST)Updated Date: Tue, 27 Oct 2026 09:24:17 AM (IST)
बिक्री, वितरण या प्रदर्शन करते पाए जाने पर आरोपी निर्माता एवं विक्रेता पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।HighLights
- एसपी सम्पत उपाध्याय का आग्रह
- सभी थानों को जांच के निर्देश
- गनों की बिक्री और भंडारण पर नजर
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। दीवाली के त्योहार के दौरान कार्बाइड गन से होने वाली गंभीर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।
बिक्री या प्रदर्शन की जानकारी तत्काल पुलिस को दें
जिले में कार्बाइड गन की बिक्री, वितरण और प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध के बीच पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने आम लोगों से ऐसी गनों का उपयोग नहीं करने और इनकी बिक्री या प्रदर्शन की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है।
अपने-अपने क्षेत्रों में जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश
सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय करते हुए प्रतिबंधित सामग्री के निर्माण और भंडारण के संदिग्ध स्थानों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।
खिलौना नहीं, गंभीर दुर्घटना का कारण
कार्बाइड गन एक देसी उपकरण है, जिसमें कैल्शियम कार्बाइड और पानी की रासायनिक प्रतिक्रिया से ज्वलनशील एसीटिलीन गैस बनती है। इसमें आग लगने से तेज धमाका हो सकता है, जिससे आंखों, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोट लगने के साथ स्थायी नुकसान भी हो सकता है।
आरोपी निर्माता एवं विक्रेता पर कानूनी कार्रवाई
जिला प्रशासन की ओर से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत जारी प्रतिबंधात्मक आदेश पूरे जिले में लागू है। कार्बाइड गन की बिक्री, वितरण या प्रदर्शन करते पाए जाने पर आरोपी निर्माता एवं विक्रेता पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्बाइड गन से जुड़े इन खतरों को न करें नजरअंदाज
- - कार्बाइड गन का निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र में लागू प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन सुनिश्चित करें।
- - बच्चों को कार्बाइड गन या इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री से दूर रखें।
- - इंटरनेट मीडिया पर देखकर कार्बाइड गन बनाने या चलाने का प्रयास न करें।
- - कार्बाइड गन की बिक्री या उपयोग की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें।
- - किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने पर तत्काल चिकित्सा सहायता लें।
एसपी की लोगों से उमीद
- कार्बाइड गन न खरीदें, न बनाएं और न ही इसका उपयोग करें। बच्चों को भी इससे दूर रखें।
- दुकानदार इसे बिक्री या प्रदर्शन के लिए न रखें।
- कहीं इसकी बिक्री व प्रदर्शन की जानकारी मिले तो नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें। आपात स्थिति में 112 पर कसल करें।
- आंख में चोट लगने पर आंख न रगड़ें और घायल व्यक्ति को तत्काल चिकित्सक के पास ले जाएं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के बड़कुल स्वीट्स समेत छह दुकानों से सैंपल लिए, खोवे की सोडियम से जांच कर भेजे भोपाल