
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। त्योहार पर मिलावटी मिठाई की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में खोवा और मिठाई की दुकानों की जांच की।
कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने यह कार्रवाई की।
मेडिकल के पास स्थित बड़कुल स्वीट्स में मिलावट की आशंका पर शरद पूर्णिमा के लिए तैयार पेड़े के दो नमूने लिए गए। खोवा मंडी और चुंगी नाका क्षेत्र की दुकानों से भी मावा और पेड़े के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खोवा मंडी स्थित छह दुकानों की जांच की। इनमें पंकज खोवा भंडार, जैन खोवा, मोदी खोवा और महावीर दूध भंडार से मावा एवं पेड़े के कुल छह नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के अनुसार, बड़कुल स्वीट्स के संबंध में शिकायत मिलने पर निरीक्षण किया गया था। इस दौरान मिलावट की आशंका के चलते पेड़े के दो नमूने लिए गए।
चुंगी नाका आईटीआई क्षेत्र में शरद पूर्णिमा के पेड़े बेचने वाली चार दुकानों का निरीक्षण किया गया। यहां मनीष नेमा पाटन वाले की दुकान से पेड़े का नमूना लिया गया। विभाग के अनुसार, लिए गए नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।
रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खाद्य सुरक्षा लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन मिलने पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक दुकानदारों को खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण सामग्री की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में दीपावली बाजार : पैक डिब्बे पर उपयोग की अंतिम तारीख, खुली मिठाई में गायब