
आलोक बैनर्जी, नईदुनिया, जबलपुर। जबलपुर की वाहन निर्माणी (वीएफजे) में तैयार हो रहा स्वदेशी लाइट आर्मर्ड मल्टी-पर्पस व्हीकल (एलएएमवी) अब देश की आंतरिक सुरक्षा जरूरतों में अपनी जगह बनाने जा रहा है। तमिलनाडु पुलिस ने इस आधुनिक बख्तरबंद वाहन को अपनी पहली पसंद बनाते हुए इसके साथ सौदा लगभग तय कर लिया है।
आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड (एवीएनएल) की इकाई वीएफजे में तैयार यह वाहन निर्माण के बाद परीक्षण में भी खरा उतरा है। 4 गुणा 4 क्षमता वाला एलएएमवी सैनिकों के सुरक्षित आवागमन, रेकी और संवेदनशील क्षेत्रों में सामरिक अभियानों के लिए बनाया गया है। बैलिस्टिक सुरक्षा, वाहन के नीचे होने वाले विस्फोटों से बचाव और माड्यूलर डिजाइन इसे नई पीढ़ी का बहुउद्देशीय सुरक्षा वाहन बनाते हैं। फिलहाल लेह-लद्दाख जैसे कठिन और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इसके फील्ड ट्रायल जारी हैं।
वीएफजे से निकला स्वदेशी सुरक्षा कवच अब तमिलनाडु पुलिस के अभियानों का हिस्सा बनेगा। महत्वपूर्ण है कि तमिलनाडु पुलिस अपने बेड़े में पहले लाइट बुलेट प्रूफ व्हीकल को लेकर चर्चा कर रही थी। बाद में नए तरीके के एलएएमवी पर उसकी नजर टिक गई। निर्माणी अगले चरण में सेना व अन्य अर्धसैनिक बलों के लिए इसके उत्पादन पर फोकस करेगी।
27 अगस्त को अपने जबलपुर प्रवास के दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वीएफजे का दौरान किया और पूरी तरह आत्मनिर्भर भारत की ओर कदम बढ़ाते हुए श्रेष्ठ तकनीक पर आधारित वीएफजे के रक्षा उत्पादन की सराहना की। इस दौरान उन्होंने स्वदेशी लाइट आर्मर्ड मल्टी-पर्पस व्हीकल (एलएएमवी) को देखा और उसकी खूबियों को जाना।
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट ने कहा कि सर्कुलर की आड़ में शिक्षकों का हक नहीं छीन सकती सरकार