
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बरगी बांध में तेजी से बढ़ते जलस्तर के बीच अब बांध के गेट खुलने की स्थिति बनने लगी है। वर्तमान में बांध का जलस्तर 419.5 मीटर पहुंच गया है। बांध को 421 मीटर के निर्धारित स्तर तक पहुंचने में अब करीब डेढ़ मीटर पानी की जरूरत है।
कंट्रोल रूम के अनुसार 15 अगस्त तक बांध का जलस्तर 421 मीटर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद जलस्तर और आवक की स्थिति को देखते हुए गेट खोलने का निर्णय प्रशासन स्तर पर लिया जाएगा। पिछले एक सप्ताह में बांध के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है।
इस मानसून सीजन में कुछ समय पहले बरगी बांध का जलस्तर घटकर करीब 408 मीटर तक पहुंच गया था। कम जलस्तर के कारण नर्मदा के घाटों पर पानी कम होने और कई स्थानों पर चट्टानें दिखाई देने लगी थीं। अब तेजी से बढ़ते जलस्तर ने बांध और नर्मदा के प्रवाह की तस्वीर बदल दी है।
हालांकि वर्तमान स्थिति में 421 मीटर तक जलस्तर पहुंचने के बाद भी गेट खोलने का निर्णय सीधे नहीं होगा। बांध में पानी की आवक, वर्षा की स्थिति और आगामी दिनों के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन और बांध प्रबंधन स्तर पर निर्णय लिया जाएगा।
पानी की बढ़ती आवक से सिंचाई और नर्मदा के प्रवाह की स्थिति में भी सुधार की उम्मीद है। अब निगाहें अगले कुछ दिनों में होने वाली बारिश और बांध में आने वाले पानी पर टिकी हैं। 15 अगस्त तक 421 मीटर जलस्तर हासिल होने के बाद गेट खोलने को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़ें- MP High Court ने कहा कि टाइगर के लिए अंडरपास बनाया तो सामने जंगल कैसे दिखेगा