
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर के यात्रियों के लिए सोमवार से रेल सफर का नया विकल्प शुरू हो गया है। अब रीवा, अंबिकापुर और सिंगरौली जाने वाले यात्रियों को इन ट्रेनों में सवार होने के लिए मुख्य स्टेशन तक जाने की जरूरत नहीं होगी।
मदन महल से चलने वाली इन तीन इंटरसिटी के साथ रानी कमलापति के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस भी संचालित हो रही है। इस तरह मदन महल स्टेशन अब चार प्रमुख इंटरसिटी ट्रेनों का टर्मिनल होगा। इन ट्रेनों का मदन महल स्टेशन से प्रतिदिन संचालन होगा।
.jpeg)
रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के साथ मुख्य स्टेशन पर ट्रेनों के परिचालन को अधिक सुचारु बनाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया है। मदन महल स्टेशन के पुनर्विकास और सुविधाओं के विस्तार के बाद इसे टर्मिनल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
.jpeg)
यहां यात्रियों के लिए बेहतर प्लेटफार्म व्यवस्था, बैठने की सुविधा, यात्री आवागमन के लिए व्यवस्थित परिसर और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया गया है। इससे शहर के मदन महल, राइट टाउन, गढ़ा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।
.jpeg)

मदन महल स्टेशन टर्मिनल कर दिए जाने के बाद सोमवार को पहले दिन तीनों इंटरसिटी ट्रेनें निर्धारित समय से विलंब से पहुंची। अंबिकापुर इंटरसिटी 40 मिनट, रीवा इंटरसिटी 47 मिनट और सिंगरौली इंटनिसटी 15 मिनट की देर से मदन महल स्टेशन पहुंची। सिंगरौली जाने वाली इंटरसिटी अपने समय से लगभग एक घंटे बाद शाम को 5.5 बजे मदन से रवाना हो सकी।
रीवा जाने वाली इंटरसिटी भी मदन महल स्टेशन से लगभग पौन घंटे विलंब से छूटी। एकमात्र अंबिकापुर जाने वाली इंटरसिटी ही अपने निर्धारित समय पर मदन महल स्टेशन से पहले दिन रवाना हुई। पहले दिन जानकारी के अभाव में अपेक्षाकृत कम संख्या में यात्री तीनों इंटरसिटी से मदन महल स्टेशन तक पहुंचे। मदन महल स्टेशन से सीमित संख्या में ही यात्री ट्रेन में सवार हुए।
तीनों इंटरसिटी ट्रेनों का टर्मिनल बदलने से जबलपुर मुख्य स्टेशन पर यात्री और परिचालन दोनों का दबाव कम होगा। अभी इन ट्रेनों के रैक अगले फेरे तक मुख्य स्टेशन के प्लेटफार्म पर खड़े रहते थे। इससे दूसरे ट्रेनों के संचालन के लिए प्लेटफार्म उपलब्ध कराने में परेशानी होती थी।
कई बार प्लेटफार्म की कमी के कारण इंटरसिटी ट्रेनों को आउटर पर भी रोकना पड़ता था। अब ट्रेनें मुख्य स्टेशन पर आवश्यक ठहराव के बाद सीधे मदन महल पहुंचकर अपना फेरा पूरा करेंगी। शहर की बड़ी आबादी को ट्रेन पकड़ने के लिए मुख्य स्टेशन तक जाने की मजबूरी नहीं रहेगी। इससे मुख्य स्टेशन पर भीड़ कम होगी और यात्रियों का समय बचेगा।
ट्रेनों के संचालन शुरू करने के साथ ही मदन महल स्टेशन पर पार्किंग में परेशानी बनी हुई है। प्लेटफार्म चार की ओर से प्रवेश द्वार के पास वाहनों की अराजक पार्किंग हो रही है। आटो और कारों के रास्ता घेरकर खड़े होने से यात्रियों को आवाजाही में बाधा आ रही है।
प्लेटफार्म एक की ओर स्टेशन के परिसर के मुहाने पर ऑटो और कारों की अराजकता से यात्री त्रस्त है। नई ट्रेनों से यात्री संख्या बढ़ने पर पार्किंग की समस्या जटिल होगी। यात्रियों ने पार्किंग में सुधार के साथ ही पुनर्विकास के अधूरे कार्यों के जल्द पूरा करने की जरूरत बताई है।
यह भी पढ़ें- 11.94 करोड़ का मनी ट्रेल, फिर बड़े नाम जांच से बाहर क्यों, ऑनलाइन गेमिंग फर्जीवाड़े में हाई कोर्ट सख्त