
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। नौकरीपेशा और व्यस्त नागरिकों की सुविधा के लिए डाक विभाग ने सदर स्थित जबलपुर कैंट पोस्ट ऑफिस परिसर में नया डाक बुकिंग काउंटर शुरू किया है।
रेल डाक सेवा, जेबी मंडल के अंतर्गत संचालित स्पीड पोस्ट सेंटर (आइसीएच) में यह सुविधा 25 नवंबर से प्रारंभ हो गई है। अधीक्षक रेल डाक सेवा, जबलपुर के अनुसार नया काउंटर प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रात 10:30 बजे तक खुला रहेगा।
यहां स्पीड पोस्ट, पार्सल और अंतरराष्ट्रीय डाक की बुकिंग कराई जा सकेगी। खास बात यह है कि यह सुविधा वर्ष के सभी 365 दिन उपलब्ध रहेगी। रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी काउंटर खुला रहेगा।
इस पहल से दिन के समय कार्यालयीन व्यस्तता के कारण डाक बुक नहीं करा पाने वाले नागरिकों को शाम और रात में भी सुविधा मिलेगी। अवकाश के दिनों में भी डाक भेजने की व्यवस्था होने से आमजन को राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- 156 वर्ष का हुआ हमारा जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन, देखे वक्त के कई पड़ाव; अब आठवें प्लेटफाॅर्म की तैयारी