
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में वीडियो बनाने को लेकर हुए विवाद में एक मजदूर पर चाकू से हमला किया गया। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तलाश शुरू की है।
रिछाई निवासी मजदूर रंजीत कोल (45) रविवार दोपहर अपने भाई रवि के साथ पहाड़ी के पास तालाब में मछली पकड़ने गया था। उसने एक लड़की के साथ शुभम दुबे, रचित भारद्वाज, आकाश पासी और शिब्बू ठाकुर को बहस करते देखा।
रंजीत ने मोबाइल निकाला तो आरोपियों ने वीडियो बनाने का आरोप लगाकर उसका मोबाइल पटक दिया। विरोध करने पर आरोपितों ने रंजीत को पकड़कर चाकू से पेट, पसली, कमर, जांघ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें पहुंचाईं। उसे जातिसूचक शब्द कहे और अभद्रता की।
रवि को भी धमकाया गया। शुभम चाकू लेकर उस पर झपटा, लेकिन रवि भागकर बच निकला। इस दौरान आरोपियों के दो अन्य साथी भी पहुंचे और रंजीत से मारपीट की। रंजीत बेहोश हो गया तो आरोपी उसे अस्पताल ले गए। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर वे फरार हो गए। पुलिस ने सोमवार को एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गोहलपुर के पसियाना क्षेत्र में रविवार शाम करीब सवा सात बजे सानिया ज्वेलर्स के सामने इंटीरियर व्यापारी मगन सिद्दीकी (45) पर चाकू से हमला हुआ। मगन के अनुसार, करीब दो साल पहले अरमान के पिता वसीम डागर ने उन पर चाकू से हमला किया था और वसीम को सजा हुई थी। पुरानी रंजिश में अरमान दो साथियों संग बाइक से आया और हमला किया। पीछे हटने पर मगन के दोनों पैरों में चोटें आईं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
सदर के पासी चौक पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन चल समारोह के दौरान नाचने से मना करने पर तीन युवकों ने अंडा-चिकन दुकान संचालक अमन चौधरी (28) से मारपीट कर दी। आरोप है कि शनि बघेल ने चाकू से हमला कर उसके बाएं हाथ में चोट पहुंचाई।
देवी प्रतिमा का चल समारोह कजरवारा से गौरीघाट जा रहा था। इसी दौरान शनि बघेल और उसके दो साथी नशे में चल समारोह में झूमने लगे। उन्हें नाचने से मना करने पर मारपीट और चाकू से हमले की घटना हुई। केंट पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में पुलिस चौकी पर नाबालिग साथियों के साथ मिलकर पेट्रोल बम फेंके, कारावास के साथ अर्थदंड भी लगाया