
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में करोड़ों रुपये की लागत से शोध के लिए मशीनें और उपकरण खरीदे गए, लेकिन इनका भौतिक सत्यापन तक नहीं कराया गया।
मशीनें कहां रखी हैं, किस स्थिति में हैं और शोध कार्य में उनका उपयोग हो रहा है या नहीं, इसकी जानकारी भी ऑडिट के रिकॉर्ड में स्पष्ट नहीं है।
यही स्थिति विश्वविद्यालय की उत्पादक इकाइयों की है। फर्टिलाइजर, बीज उत्पादन से लेकर बिस्किट-ब्रेड बनाने वाली इकाइयों से होने वाली आय और खर्च का पूरा हिसाब विश्वविद्यालय की मुख्य कैश बुक में दर्ज नहीं मिला। कई इकाइयों में पिछले दो साल से भौतिक सत्यापन नहीं कराया गया।
मामले में आवासीय संपरीक्षा, स्थानीय निधि कार्यालय ने कुलसचिव को पत्र लिखकर आपत्ति दर्ज कराई है। इसमें कहा गया है कि विश्वविद्यालय के आय के स्रोतों की रसीद बुक और संग्रहण पंजी का लंबे समय से सत्यापन नहीं कराया जा रहा है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि विभिन्न इकाइयों से विश्वविद्यालय को कितनी आय हुई।
विश्वविद्यालय में शोध और उत्पादन गतिविधियों के लिए अलग-अलग विभागों में मशीनें और उपकरण खरीदे गए हैं। इनके उपयोग और उपलब्धता का भौतिक सत्यापन जरूरी है, लेकिन लंबे समय से यह प्रक्रिया पूरी नहीं की गई।
इससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि खरीदे गए उपकरण निर्धारित स्थान पर मौजूद हैं या नहीं और उनका उपयोग किस तरह किया जा रहा है। ऑडिट में इस पहलू पर भी सवाल उठे हैं। करोड़ों की मशीनों की खरीद के बाद उनका सत्यापन नहीं होना विश्वविद्यालय की वित्तीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
आडिट की आपत्तियों के बाद कुलसचिव रचना शर्मा ने विश्वविद्यालय परिसर में संचालित फर्टिलाइजर से लेकर फूड यूनिट तक का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित इकाइयों के प्रभारियों को मशीनों और उपकरणों का भौतिक सत्यापन कराने तथा आय-व्यय का पूरा लेखा-जोखा विभागीय कैश बुक से विश्वविद्यालय की मुख्य कैश बुक में दर्ज कराने के निर्देश दिए। वहीं, कुलपति प्रो. पीके मिश्रा ने विभागीय प्रभारियों की बैठक लेकर वित्तीय रिकार्ड की समीक्षा की।
अडिट से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा के लिए विभागीय प्रभारियों की बैठक ली। सभी विभागों को आय-व्यय का पूरा ब्यौरा मुख्य कैश बुक में दर्ज कराने और आडिट विभाग के साथ समन्वय बनाकर लंबित आपत्तियों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
प्रो. पीके मिश्रा, कुलपति, जनेकृविवि
यह भी पढ़ें- Weather Update: दो दिन तक बारिश में भीगेगा जबलपुर, तीन साल बाद नवंबर में बदलेगा मौसम; किसानों को सलाह