
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। देश की रक्षा ताकत के लिए अच्छी खबर आई है। व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर (वीएफजे) ने स्वदेशी लाइट आर्म्ड मल्टीपरपज व्हीकल (एलएएमवी) विकसित किया है, जिसने कठिन परीक्षणों में सफलता हासिल कर ली है।
इस सफलता के बाद अब भारतीय सेना और सीआरपीएफ समेत अर्धसैनिक बलों के लिए इस नए बख्तरबंद वाहन के शामिल होने का रास्ता साफ हो गया है। फैक्ट्री ने सेना की कस्टमाइज्ड जरूरतों के हिसाब से दो एलएएमवी प्रोटोटाइप तैयार किए थे। दोनों ने समर ट्रायल सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं और अब विंटर ट्रायल के लिए जाएंगे।
पहले चरण में 24 वाहनों के उत्पादन की तैयारी है। एक साल के भीतर पहली खेप में 24 एलएएमवी मिलने की संभावना है। तमिलनाडु पुलिस ने इस वाहन को अपनी पहली पसंद माना है। फैक्ट्री का अगला फोकस सेना और अन्य अर्धसैनिक बलों के लिए उत्पादन पर है।
तमिलनाडु पुलिस से शुरुआत के बाद सेना, सीआरपीएफ, बीएसएफ और राज्य पुलिस बलों के लिए भी यही प्लेटफार्म उपलब्ध होगा। इससे वीएफजे को प्राइवेट डिफेंस कंपनियों के साथ प्रतिस्पर्धा में बड़ी बढ़त मिलेगी।
आने वाले वित्तीय वर्ष से वीएफजे को करीब 6,500 वाहनों की आपूर्ति का लक्ष्य मिला है, जिसमें स्टैलियन ट्रक और उनके मॉडिफाइड वेरिएंट शामिल हैं। फैक्ट्री ने 2026-27 के लिए करीब 1,272 करोड़ रुपये के उत्पादन का लक्ष्य रखा है, जिसमें टैंक ओवरहालिंग भी शामिल है।
विगत में जबलपुर प्रवास के दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी वीएफजे का दौरा कर एलएएमवी के निर्माण कार्य को देखा और सराहना की थी। कुल मिलाकर, एलएएमवी की सफल टेस्टिंग ने निर्माणी को एक बार फिर देश के रक्षा मानचित्र पर मजबूती से स्थापित कर दिया है। अगर विंटर ट्रायल भी सफल रहा, तो जल्द ही यह स्वदेशी सुरक्षा कवच सेना और सीआरपीएफ के बेड़े में शामिल होकर बार्डर से लेकर नक्सल इलाकों तक जवानों की रक्षा करेगा।
एलएएमवी की असली परीक्षा देश के सबसे कठिन इलाके लेह-लद्दाख में हुई। यहां माइनस तापमान, पतली हवा और कम आक्सीजन, बर्फीली सड़कों और पथरीली चढ़ाइयों पर वाहन की क्षमता को परखा गया।
अगर वाहन यहां खरा उतरता है, तो वह सियाचिन से लेकर राजस्थान की गर्मी तक, नक्सल प्रभावित जंगलों से लेकर शहरी युद्ध तक हर जगह काम कर सकेगा। समर ट्रायल क्लियर होने के बाद अब विंटर ट्रायल में अत्यधिक ठंड और हाई-एल्टीट्यूड में प्रदर्शन जांचा जाएगा।
यह भी पढ़ें- बदल रहा है मौसम का मिजाज, जबलपुर व आसपास के जिलों में सुबह और रात बढ़ेगी ठंडक