
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-30 के करौंदा बायपास पर मालवाहक ड्राइवरों के अचानक प्रदर्शन से यातायात बाधित हो गया। आरसीएसएस ड्राइवर सेवा एसोसिएशन के सदस्यों ने स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन किया।
करोंदा से पनागर और भेड़ाघाट बायपास की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। इससे दोनों ओर करीब काफी दूर तक भारी वाहनों की कतार लग गई। लगभग एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस ने पांच प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर यातायात बहाल कराया।
एसोसिएशन के सदस्य सुबह करीब 10 बजे करोंदा बायपास पहुंचे थे। उन्होंने मौके से गुजर रहे ट्रक ड्राइवरों को मांगे बताते हुए आंदोलन के लिए समर्थन मांगा। इसके बाद सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया और भारी एवं मालवाहकों को रोक दिया। इससे दूसरे वाहन ड्राइवरों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
एसोसिएशन का आरोप है कि रास्ते में उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की घटनाएं भी होती हैं। मालवाहक ड्राइवरों को राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। ड्राइवरों ने सुरक्षित पार्किंग, शौचालय, विश्राम गृह और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। इसके अलावा टोल, आरटीओ और पुलिस द्वारा कथित अनावश्यक उत्पीड़न तथा अवैध वसूली रोकने की मांग भी की गई।
पुलिस ने दुर्गेश कुशवाहा, शुभम कुशवाहा, राजकुमार पटेल, अरविंद दास बैरागी और अंकुश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें थाने लेकर गए। इसके बाद अन्य प्रदर्शनकारियों को हटाया गया। इसके बाद करीब एक घंटे की कवायद में यातायात सामान्य कराया जा सका।