
नईदुनिया डिजिटल डेस्क, जबलपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 12 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
जिले के सभी मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा, जहां आम नागरिक इसका अवलोकन कर सकेंगे तथा नाम जोड़ने, संशोधन कराने और नाम विलोपित कराने 11 दिसंबर तक निर्धारित प्रारुप में दावे-आपत्तियां बीएलओ को दे सकेंगे।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार नए और पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर तय किया गया है।
एक जनवरी 2027 की स्थिति में मतदाता बनने की पात्रता रखने वाले व्यक्ति तथा 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा अपना नाम विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान निर्वाचक नामावली में जुड़वा सकेंगे या नाम में संशोधन करा सकेंगे।
1 अप्रैल 2027, 1 जुलाई 2027 और 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे युवा भी मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने प्रारुप-6 में अग्रिम आवेदन बीएलओ को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान दे सकेंगे।
प्रारुप मतदाता सूची पर दावे-आपत्तियां 11 दिसम्बर तक प्राप्त की जाएंगी। प्रारूप मतदाता सूची पर प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसम्बर तक किया जाएगा तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन सोमवार 4 जनवरी 2027 को होगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर संभाग का पैकेज 25 प्रतिशत पर अटका, आरडीएसएस के 20 पैकेजों में सिर्फ चार पूरे