
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित पांच सरकारी और करीब 13 निजी वेटरनरी डिप्लोमा काॅलेजों की सीटें भरने के लिए काउंसलिंग आयोजित की गई।वेटरनरी काॅलेज जबलपुर के ऑडिटोरियम में हुई काउंसलिंग में विद्यार्थियों की संख्या बेहद कम रही।
करीब 780 रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए महज 150 विद्यार्थी ही पहुंचे। छह चरण की काउंसलिंग के बाद भी सीटें खाली रहना निजी काॅलेजों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
काउंसलिंग के दौरान सीट आवंटन के नियमों को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों ने नाराजगी जताई। आरोप है कि डिप्लोमा कोर्स की फ्री सीट पर पहले से प्रवेश ले चुके विद्यार्थियों को दूसरे काॅलेज में फ्री सीट खाली होने के बावजूद प्रवेश का अवसर नहीं दिया गया। निजी काॅलेजों की संख्या बढ़ी, विद्यार्थी नहीं मिल रहे।
पेमेंट सीट पर प्रवेश ले चुके विद्यार्थियों को भी दूसरे काॅलेज में खाली पेमेंट सीट पर प्रवेश देने से इन्कार कर दिया गया। कमेटी के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि फ्री सीट पर प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी पेमेंट सीट में बदलाव नहीं कर सकते और सीट श्रेणी के नियमों के अनुसार ही प्रवेश दिया जाएगा।
इस व्यवस्था को लेकर काफी देर तक काउंसलिंग स्थल पर गहमागहमी रही। विद्यार्थी और अभिभावक खाली सीटों के बावजूद प्रवेश का विकल्प नहीं मिलने पर सवाल उठाते रहे। विश्वविद्यालय के अंतर्गत डिप्लोमा काॅलेजों की संख्या बढ़ने के बावजूद विद्यार्थियों की रुचि उस अनुपात में नहीं बढ़ी है। यही वजह है कि छह दौर की काउंसलिंग के बाद भी बड़ी संख्या में सीटें रिक्त हैं। खासकर निजी काॅलेजों में सीटें भरना मुश्किल हो रहा है।
काउंसलिंग नियम में पहले स्पष्ट किया गया था कि इस बार फ्री सीट के बदलने अन्य काॅलेज की फ्री सीट पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
राखी वैश्य, कुलसचिव, वेटरनरी विवि
यह भी पढ़ें- वन्यजीव अपराधों की जांच के लिए जबलपुर में तैयार होंगे विशेषज्ञ, आधुनिक तकनीकों पर फोकस