
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर में तेज आवाज में डीजे बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन वाहनों समेत डीजे साउंड सिस्टम जब्त किए हैं।
गोकलपुर मेन रोड, पुलिस लाइंस गेट और अहिंसा चौक पर हुई कार्रवाई में तीन संचालक बिना वैधानिक अनुमति के ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाते मिले। प्रतिबंध के बावजूद देर रात तक तेज आवाज में किए जा रहे शोर के कारण आम लोगों को परेशानी हो रही थी।
रांझी पुलिस ने गोकलपुर मेन रोड पर दबिश देकर ट्रक क्रमांक एमएच 06 जी 3691 से तीन छोटे और 12 बड़े डीजे बाक्स, मिक्सर मशीन, दो एम्पलीफायर और जनरेटर जब्त किया।
संचालक खमरिया के घाना निवासी शैलेंद्र कुमार श्रीवात्री, तेज आवाज में डीजे बजाने की अनुमति नहीं दिखा सका। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि डीजे संचालक के खिलाफ मध्य प्रदेश कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
सिविल लाइंस पुलिस ने पुलिस लाइंस गेट के सामने तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाते हुए पिकअप वाहन एमपी 20 जेडक्यू 7080 पकड़ी। वाहन से आठ बड़े साउंड बाक्स, मिक्सर मशीन और एम्पलीफायर जब्त किए गए। संचालक न्यूम कंचनपुर निवासी अविनाश पासवान के पास आवश्यक अनुमति नहीं थी।
सोमवार को अहिंसा चौक पर कार्रवाई में गोहलपुर के कृष्णा कालोनी निवासी सौरभ विश्वकर्मा के वाहन से दो बड़े और छह छोटे डीजे बाॅक्स, छह लाइट, डीजल इंजन, एम्पलीफायर और स्टेबलाइजर जब्त किए गए।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में साली ने रची साजिश, मूक-बधिर महिला की हत्या कर लूटे जेवर; यह है पूरा मामला