
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बिजली का उपयोग करते रहे, बिल जमा करने की बारी आई तो नोटिस और चेतावनियों को भी नजरअंदाज कर दिया। शहर के ऐसे ही बड़े बकायादारों पर शुक्रवार को मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बड़ी कार्रवाई की।
शहर के 417 बकायादारों पर करीब 1.74 करोड़ रुपये की राशि बकाया थी। कंपनी की अलग-अलग टीमों ने अभियान चलाकर इनके बिजली कनेक्शन काटे। कार्रवाई के दौरान करीब 27 लाख रुपये की वसूली भी की गई। ऐसे बड़े बकायादारों के बैंक खाते फ्रीज कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
सिटी सर्किल के सभी संभागों के अधिकारियों को अपने क्षेत्र के टाप-20 बकायादारों की सूची तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। शहर अधीक्षण यंत्री संजय अरोरा के अनुसार, टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर कनेक्शन काटे। कई स्थानों पर पोल से सीधे लाइन काटी गई और कुछ जगहों पर केबल भी जब्त की गई।
प्रेमसागर फीडर क्षेत्र में एक उपभोक्ता पर दो लाख 14 हजार 117 रुपये बकाया होने पर पोल से ही बिजली लाइन काट दी गई। मोहम्मद अमजद मंसूरी पर तीन लाख 36 हजार 535 रुपये, लक्ष्मण समुद्रे पर एक लाख 46 हजार 231 रुपये और नारायण राव पर एक लाख 14 हजार 841 रुपये बकाया मिलने पर कार्रवाई की गई। मेसर्स देव ग्रेशिया पैरेंट्रल पर एक लाख 4 हजार 645 रुपये और रामसुख यादव पर 92 हजार रुपये की बकाया राशि थी।
अभियान में ऐसे मामले भी सामने आए, जिनमें बकायादारों ने पुराना कनेक्शन कटने के बाद दूसरे उपभोक्ताओं के कनेक्शन से अवैध रूप से बिजली लेना शुरू कर दिया था। रितेश कुमार बेन दूसरे कनेक्शन से बिजली का उपयोग करते मिले।
संतोष चौधरी भी गीता के कनेक्शन से बिजली चला रहे थे। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कनेक्शन काटे। एक अन्य मामले में एक लाख 68 हजार 727 रुपये बकाया होने के बावजूद लाइन दोबारा जोड़कर बिजली जलाई जा रही थी। टीम ने केबल काटकर नीचे गिरा दी।
बिजली कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। बिना अनुमति दोबारा बिजली लाइन जोड़ने पर विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। कनेक्शन काटने के बाद भी बिल जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के बैंक खाते फ्रीज कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने चुनाव याचिका की सुनवाई में तीन राज्यसभा सदस्यों पर लगाया जुर्माना