
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रविवार से नवरात्र पर्व शुरू हो रहे हैं। इसके बाद लगाातर त्योहारों की धूम रहेगी। इस त्योहार में ठंड का तड़का भी लगेगा।
मौसम विभाग ने जो संकेत दिए है उसके अनुसार आगामी दो-तीन बाद उत्तरी हवा से जबलपुर सहित आस-पास के जिलों में ठंड का असर बढ़ सकता है। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से गिरकर 18 डिग्री तक नीचे जा सकता है। हालांकि दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आस-पास बने रहने की संभावना है।
शहर में फिलहाल सुबह और दिन के समय गर्मी का अहसास बना हुआ है, लेकिन शाम होते ही मौसम सुहाना होने लगा है। हल्की ठंडक के बीच लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है।
रात के समय तापमान में संभावित गिरावट से मौसम और खुशनुमा हो सकता है। ऐसे में त्योहारों के दौरान लोगों को दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है।
त्योहारी सीजन में मौसम में आ रहा यह बदलाव लोगों के उत्साह को और बढ़ा रहा है। शाम के समय लोग घरों से निकलकर सैर-सपाटा करते नजर आ रहे हैं। वहीं, कई लोग परिवार और दोस्तों के साथ घूमने-फिरने की योजना भी बना रहे हैं। बाजारों में त्योहारों की तैयारियों के बीच सुहाने मौसम का आनंद लेने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।
मौसम के जानकारों के अनुसार, उत्तरी हवाओं का प्रभाव बढ़ने पर रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। हालांकि, दिन के तापमान में फिलहाल बड़ी कमी आने की संभावना नहीं है। ऐसे में आने वाले दिनों में त्योहारों की रौनक के बीच सुबह-शाम हल्की ठंडक का अहसास बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के ड्राइवरों में कार्रवाई का खौफ नहीं, आठ लाख को भेजे ई-चालान, 2.13 ने किया जमा